राजस्थान के ठेके पर दो गुटों में खूनी संघर्ष: फाजिल्का से सटे गांव में विवाद, युवक के सिर पर बीयर की बोतलें मारीं, पसलियां टूटीं – Abohar News
पंजाब-राजस्थान सीमा पर स्थित राजस्थान के गांव हाकमाबाद में गुरुवार दोपहर एक शराब ठेके पर मामूली कहासुनी ने खूनी रूप अख्तियार कर लिया। यहां शराब खरीदने आए अबोहर के एक युवक पर दूसरे गुट के हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के सिर पर बीयर की बोतलें मारकर और उसे बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर करने की तैयारी चल रही है। सस्ती शराब खरीदने गया था युवक, ठेके पर हो गई कहासुनी हादसे का शिकार हुए अबोहर के पट्टी सदीक निवासी लखबीर सिंह (32) ने अस्पताल में बताया कि उनके गांव के बिल्कुल नजदीक ही राजस्थान का हाकमाबाद गांव लगता है। पंजाब की तुलना में राजस्थान में शराब की कीमतें कम होने के कारण अक्सर दोनों राज्यों के सीमावर्ती लोग यहां शराब खरीदने आते हैं। गुरुवार दोपहर वह भी हाकमाबाद के ठेके पर शराब लेने गया था, जहां किसी मामूली बात को लेकर वहां मौजूद दो स्थानीय युवकों के साथ उसकी तीखी बहस हो गई। सिर पर मारीं बीयर की बोतलें, पेट और पसलियों पर बरसाईं लातें लखबीर सिंह के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों ने आव देखा न ताव और उस पर टूट पड़े। हमलावरों ने उसे जमीन पर पटक दिया और पेट पर ताबड़तोड़ लातें बरसानी शुरू कर दीं। इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा, तो उन्होंने पास में पड़ी बीयर की बोतलें उठाकर लखबीर के सिर और चेहरे पर दे मारीं, जिससे वह वहीं तड़पने लगा। ठेके के कारिंदों और वहां मौजूद लोगों ने जब बीच-बचाव किया और शोर मचाया, तो दोनों आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गए। परिजन पहुंचे मौके पर, लहूलुहान हालत में अस्पताल कराया भर्ती घटना की सूचना मिलते ही घायल लखबीर सिंह की पत्नी गुरमीत कौर और उनके बड़े भाई (जेठ) गुरजीत सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने खून से लथपथ लखबीर को संभाला और तुरंत इलाज के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में गुंडागर्दी करने वाले इन तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। नाक से बह रहा खून, पसलियां टूटने की आशंका: डॉ. शिल्पा सरकारी अस्पताल की ड्यूटी डॉक्टर शिल्पा ने घायल की स्थिति पर जानकारी देते हुए बताया कि लखबीर सिंह की हालत काफी चिंताजनक है। उसके सिर और आंख के ठीक ऊपर गहरे जख्म हैं, जहां से लगातार खून बह रहा था। इसके अलावा, उसकी नाक की हड्डी पर भी गहरी चोट है। डॉक्टर ने अंदेशा जताया है कि पेट में लगी लातों के कारण उसकी पसलियां भी टूट चुकी हैं। प्राथमिक उपचार देकर खून रोकने का प्रयास किया गया है, लेकिन आंतरिक चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया जा रहा है।
Source link

