जंडियाला गुरु नगर कौंसिल चुनाव, AAP को मिली 11 सीट: 2 वार्डों में हो चुका निर्विरोध निर्वाचन, अकाली दल- कांग्रेस को 1-1 सीट – Amritsar News
अमृतसर जिले में जंडियाला गुरु नगर कौंसिल चुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित कर दिए गए हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने कुल 15 वार्डों में से 11 पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम किया है। शिरोमणि अकाली दल और इंडियन नेशनल कांग्रेस को एक-एक वार्ड में सफलता मिली है। सरूप रानी सरकारी कॉलेज में मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। चुनाव इंचार्ज एवं एसडीएम अलका कालियां ने मीडिया को बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया बिना किसी विवाद के सफलतापूर्वक पूरी की गई। जंडियाला गुरु नगर काउंसिल में कुल 15 वार्ड हैं। इनमें से 2 वार्डों में उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे। शेष 13 वार्डों के लिए मतदान हुआ था, जिनके नतीजे आज घोषित किए गए। एजेंटों की निगरानी में हुई काउंटिंग घोषित नतीजों के अनुसार, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने 13 में से 11 वार्डों में जीत हासिल की। वार्ड नंबर 2 में शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि वार्ड नंबर 12 में इंडियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार ने सफलता प्राप्त की। एसडीएम अलका कालियां ने बताया कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार का विरोध या हंगामा सामने नहीं आया। प्रत्येक वार्ड की मतगणना सभी उम्मीदवारों और काउंटिंग एजेंटों की मौजूदगी में की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई। किसी भी पार्टी की ओर से कोई आपत्ति दर्ज नहीं करवाई गई। सुरक्षा के लिए किए गए पुख्ता इंतजाम प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। काउंटिंग सेंटर के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। काउंटिंग एजेंटों, उम्मीदवारों और स्टाफ के लिए आईडी कार्ड जारी किए गए थे और प्रत्येक व्यक्ति की जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई। एसडीएम ने यह भी बताया कि काउंटिंग स्टाफ की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं, जिन्होंने सीलिंग, बैलेट बॉक्स ले जाने और मतगणना जैसे कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाए। सभी विजेता उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र भी जारी कर दिए गए हैं।
Source link

