फरीदकोट में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत: तीन साथियों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज, एक बच्चे का पिता था मृतक – Faridkot News
नशे के काले कारोबार ने फरीदकोट के गांव अराईयांवाला कलां में एक और हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। यहां नशे की ओवरडोज के कारण 25 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद थाना सदर पुलिस ने मृतक के तीन साथियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पिता ने कहा- गांव के तीन युवकों ने नशे के दलदल में ढकेला मृतक युवक की पहचान जसवंत सिंह उर्फ लल्ली (25) के रूप में हुई है, जो शादीशुदा था और अपने पीछे एक डेढ़ साल का मासूम बच्चा छोड़ गया है। पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता जगदेव सिंह उर्फ लाहला ने बताया कि उनकी चार संतानों में से जसवंत सिंह एक था। पिता ने बेहद भावुक और आक्रोशित शब्दों में आरोप लगाया कि गांव के ही तीन युवकों बिल्ला सिंह, रोहित उर्फ निंजा और संजू ने उनके बेटे को जबरन नशे के दलदल में धकेला था और उसे नशे की लत लगा दी थी। नशा मुक्ति केंद्र भी नहीं बचा सका जिंदगी, बाथरूम में मिला शव पीड़ित परिवार के मुताबिक, उन्होंने जसवंत को इस दलदल से निकालने के लिए काफी प्रयास किए थे। उसे नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया गया था, जहां से ठीक होने के बाद भी गलत संगत ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। घटना वाले दिन शाम को उक्त तीनों आरोपी जसवंत के घर आए और काम का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गए। कुछ समय बाद जब जसवंत घर लौटा, तो वह सीधे नहाने के लिए बाथरूम में चला गया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया, तो परिजनों ने दरवाजा खोला। अंदर का मंजर खौफनाक था जसवंत की मौत हो चुकी थी, उसके मुंह से झाग निकल रहा था और हाथ में सिरिंज (इंजेक्शन) लगी हुई थी। परिजनों का गंभीर आरोप: गांव में सरेआम बिक रहा है नशा मृतक के पिता ने सीधा आरोप लगाया है कि इन तीनों युवकों ने ही जसवंत को नशे का इंजेक्शन दिया, जिससे ओवरडोज होने के कारण उसकी जान चली गई। इसके साथ ही पीड़ित परिवार ने व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके गांव में सरेआम नशे की बिक्री हो रही है। पुलिस जिन तस्करों को पकड़ती भी है, वे कुछ ही दिनों में कानूनी कमियों का फायदा उठाकर जेल से बाहर आ जाते हैं और दोबारा धड़ल्ले से नशा बेचने का धंधा शुरू कर देते हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी: एसएचओ थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों (बिल्ला सिंह, रोहित और संजू) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वहीं, मृतक युवक के शव का गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए वारिसों को सौंप दिया जाएगा।
Source link

