पठानकोट में हलाल मीट-बिरयानी की दुकानों पर विवाद: व्यापार मंडल ने उठाए सवाल, प्रशासन से जांच की छापेमारी करने की मांग – Pathankot News
पठानकोट में हलाल मीट और बिरयानी की दुकानों को लेकर व्यापार मंडल ने चिंता व्यक्त की है। व्यापार मंडल के प्रधान अनिल महाजन ने इन दुकानों के संचालन पर सवाल उठाए हैं और प्रशासन से लाइसेंसों की जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। महाजन ने कहा कि शहर के बीचों-बीच इस तरह की मीट की दुकानों का संचालन उचित नहीं है। उनका तर्क है कि ऐसी दुकानें निर्धारित मीट मार्केट क्षेत्र में ही होनी चाहिए, ताकि शहर की व्यवस्था और लोगों की भावनाओं का भी ध्यान रखा जा सके। अनिल महाजन ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से शहर के विभिन्न इलाकों में बाहर से आए लोगों द्वारा मीट और बिरयानी की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने इन दुकानों के संचालन को लेकर कई सवाल खड़े होने की बात कही, जिस पर प्रशासन को जांच करनी चाहिए। व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन से छापेमारी की मांग की व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन से संबंधित विभागों द्वारा इन दुकानों पर छापेमारी करने की मांग की है। उन्होंने लाइसेंसों और अन्य कानूनी दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने को कहा, साथ ही यह भी जांचने की मांग की कि दुकानदारों के पास आवश्यक अनुमति है या नहीं। प्रधान ने स्पष्ट किया कि यदि किसी दुकान को नियमों के तहत अनुमति मिली है, तो उसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। वहीं, बिना अनुमति संचालित हो रही दुकानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। व्यापार मंडल ने प्रशासन से इस मामले में जल्द कदम उठाने का आग्रह किया है।
Source link

