AAP विधायक ने करोड़ों की सरकारी जमीन से कब्जा हटाया: 12 दिन नंगे पांव रहकर वादा किया पूरा; कब्जाधारियों में अकाली नेता भी शामिल – Khanna News

AAP विधायक ने करोड़ों की सरकारी जमीन से कब्जा हटाया:  12 दिन नंगे पांव रहकर वादा किया पूरा; कब्जाधारियों में अकाली नेता भी शामिल – Khanna News




आप विधायक जगतार सिंह दयालपुरा ने पंजाब के लुधियाना जिले के समराला में नगर कौंसिल की करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। उन्होंने यह वादा पूरा करने के लिए करीब 12 दिनों तक नंगे पांव रहने का प्रण लिया था। मंगलवार को जमीन कब्जा मुक्त होने के बाद विधायक ने दोबारा चप्पल पहनी। विधायक दयालपुरा ने बताया कि समराला बाईपास के पास नगर कौंसिल की लगभग एक से डेढ़ एकड़ कीमती जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा था। इसे छुड़ाने के कई प्रयास पहले भी किए गए थे, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने जनता से वादा किया था कि जब तक यह जमीन मुक्त नहीं होगी, तब तक वह जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में जमीन की पैमाइश की गई और मौके पर निशान लगाए गए। इसके बाद जमीन को नगर कौंसिल के अधिकार में लेने की प्रक्रिया पूरी की गई। विधायक ने कहा कि यह सार्वजनिक संपत्ति है और इसका उपयोग अब शहर के विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी सुबह पैमाइश के दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी थी। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला शांतिपूर्वक सुलझ गया और कार्रवाई बिना किसी बाधा के पूरी हुई। कब्जाधारियों में एक अकाली नेता का नाम भी सामने आया है। 40 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन विधायक ने यह भी दावा किया कि क्षेत्र में लगभग 40 करोड़ रुपये मूल्य की एक अन्य सरकारी जमीन को भी अवैध कब्जे से मुक्त कराने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि सरकारी और पंचायत की जमीनों को कब्जा मुक्त कराकर जनता के हित में उपयोग किया जाएगा। विधायक ने इस कार्रवाई को शहर के लोगों की जीत बताया और कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा के लिए उनका अभियान जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *