फरीदकोट में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन: 10 साल पहले चयनित होने के बावजूद ड्यूटी जॉइन नहीं करवाई, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप – Faridkot News




फरीदकोट के गांव संधवां में विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के आवास के बाहर पंजाब पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2016 की प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) में शामिल अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से वादे के मुताबिक उन्हें ड्यूटी जॉइन करवाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2016 में पंजाब पुलिस में लगभग 7,000 कांस्टेबलों की भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। उस समय करीब 5,500 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर ड्यूटी जॉइन करवा दी गई, जबकि शेष सफल अभ्यर्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों तक उनकी कोई सुनवाई नहीं की। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद करीब 500 वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थियों को नौकरी दी गई, लेकिन अभी भी लगभग 1,000 अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी बोले- नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं प्रदर्शन में सुरजीत सिंह ,रणजीत सिंह, सुखदेव सिंह आदि अभ्यर्थियों ने कहा कि सत्ता में आने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उन्हें हर हाल में नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद केवल 500 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति मिली। उनका कहना है कि अब भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं और उनकी सुनवाई न तो कोई मंत्री कर रहा है और न ही कोई विधायक। अभ्यर्थियों ने बताया कि अधिक आयु (ओवरएज) होने के कारण अब वे नई भर्ती प्रक्रियाओं में भी शामिल नहीं हो सकते। ऐसे में उन्होंने सरकार से मांग की कि वर्ष 2016 की भर्ती परीक्षा और प्रतीक्षा सूची के आधार पर उन्हें नियुक्ति देकर ड्यूटी जॉइन करवाई जाए, ताकि वे अपने परिवारों का पालन-पोषण कर सकें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *