जालंधर-घर में लगी आग, लाखों का सामान राख: बच्चे के माचिस जलाने से तिल्ली बेड पर गिरी; फायर ब्रिगेड ने पाया काबू – Jalandhar News
जालंधर में सोढल मंदिर के पास स्थित सिद्ध महल्ला में एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मिली जानकारी के मुताबिक, सिद्ध महल्ला के इस घर में पिछले कुछ दिनों से लकड़ी का काम चल रहा था। काम के चलते घर का सारा कीमती सामान और गद्दे एक ही कमरे में इकट्ठा करके रखे गए थे। इसी दौरान घर के एक छोटे बच्चे ने खेल-खेल में माचिस की तीली जला दी। बिस्तर से पूरे कमरे में फैली लपटें बच्चे द्वारा जलाई गई माचिस की तीली सीधे बिस्तर पर जा गिरी, जिससे गद्दों ने तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि कमरे में रखा लकड़ी का काम और बाकी सारा सामान भी इसकी चपेट में आ गया। इलाके में मचा हड़कंप घर से धुआं और तेज लपटें उठती देख परिवार के लोगों और आस-पास के मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी और खुद भी आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए। फायर ब्रिगेड ने पाया काबू सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया और इसे आस-पास के घरों में फैलने से रोका। हालांकि, तब तक कमरे में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
Source link

