ई-स्कूटी सवार छात्र को टैंपो ट्रैवल ने मारी टक्कर: जालंधर ले जाते समय तोड़ा दम, आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज – Hoshiarpur News
होशियारपुर में शनिवार सुबह जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्र दिव्यांश की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव चक्क अल्ला बख्श निवासी दिव्यांश पुत्र सुरिंदर सिंह के रूप में हुई है। यह घटना मुकेरियां स्थित शुगर मिल के सामने पेट्रोल पंप के निकट हुई। जानकारी के अनुसार, दिव्यांश अपनी ई-स्कूटी पर ट्यूशन से घर वापस लौट रहा था। जब वह शुगर मिल के पास पहुंचा, तो सर्विस रोड पर एक तेज रफ्तार टैंपो ट्रैवल ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इस टक्कर से दिव्यांश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची और दिव्यांश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में जालंधर रेफर किया गया उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जालंधर रेफर कर दिया गया, लेकिन जालंधर ले जाते समय रास्ते में ही दिव्यांश ने दम तोड़ दिया। दिव्यांश की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि पूरे क्षेत्र में भी गम का माहौल छा गया। बताया गया है कि हादसे वाले दिन ही दिव्यांश के छोटे भाई का जन्मदिन था और वह घर लौटकर शाम को परिजनों के साथ भाई की जन्मदिन पार्टी मनाने की तैयारी में था। मृतक दिव्यांश के पिता सुरिंदर सिंह विदेश में रहते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दिव्यांश का शव पोस्टमार्टम के लिए मुकेरियां सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। इस मामले में पुलिस ने टैंपो ट्रैवल के चालक कबीर अहमद पुत्र नजीर अहमद, निवासी राजौरी, जम्मू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Source link

