कनाडा में लुधियाना के दोहते की हत्या: OPP में प्रोवेंशियल कांस्टेबल था तरूण बाली, केस की जांच के दौरान सिरफिरे ने कार से कुचला – Ludhiana News
कनाडा के ओंटारियो में लुधियाना के दोहते तरूण बाली की हत्या हो गई। ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस (OPP) के मुताबिक तरूण बाली एक केस की जांच कर रहे थे और उसी दौरान अस्पताल से भागे एक सिरफिरे युवक ने उस पर गाड़ी चढ़ा दी और उसे कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। तरूण बाली की उम्र 29 साल थी। वह मूल रूप से पंजाब के नंगल का है और लुधियाना में उसका नानका है। कनाडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है और उस पर ‘फर्स्ट-डिग्री मर्डर’ का केस दर्ज किया है। तरुण बाली की मौत की खबर के बाद न केवल कनाडा के पुलिस महकमे में, बल्कि भारत में उनके पैतृक राज्य पंजाब में भी शोक की लहर दौड़ गई है। लुधियाना में था तरूण बाली का नानका कनाडा में जान गंवाने वाले जांबाज पुलिस अधिकारी तरुण बाली का पंजाब से गहरा नाता था। पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना में तरुण बाली का नानका (ननिहाल) है जबकि नंगल में उसका पैतृक गांव है। तरूण बाली के मामा सुशील गौतम भी कनाडा में रहते हैं। उन्होंने बताया कि तरूण कनाडा की ओंटारियो पुलिस में प्रोवेंशियल अफसर था। वह बचपन में ही अपने परिवार के साथ कनाडा में शिफ्ट हो गया था। वहीं पर उसने पढ़ाई की और कनाडा पुलिस में अधिकारी बना। मंगलवार दोपहर को हुआ हमला ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस (OPP) द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह घटना मंगलवार, 9 जून 2026 को दोपहर लगभग 12:30 बजे (कनाडा के समयानुसार) उत्तरी ओंटारियो के हर्स्ट कस्बे के निकट हुई।जेम्स बे OPP के अधिकारी केंडल कंसेशन रोड 7 और कंसेशन रोड 6 के पास एक मामले की जांच कर रहे थे। इसी दौरान वहां आरोपी युवक वाहन लेकर पहुंचा। जब पुलिस अधिकारियों ने उसे रोकने या पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने जानबूझकर अपनी गाड़ी से तरुण बाली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि तरुण दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मानसिक वार्ड से भागा था आरोपी, लगा फर्स्ट-डिग्री मर्डर का केस OPP के कमिश्नर थॉमस कैरिक ने इस घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जिस 18 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है, वह एक अस्पताल से भागा हुआ था। दरअसल, आरोपी को ‘मानसिक स्वास्थ्य कानून’ के तहत एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मनोचिकित्सक उसके मानसिक स्वास्थ्य का मूल्यांकन कर रहे थे। वह डॉक्टरों और सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल से भाग निकला और गाड़ी लेकर सड़क पर आ गया। जब तरुण बाली और उनकी टीम ने उसे काबू करने की कोशिश की, तो उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। ढाई साल की नौकरी और विशेष मिशन पर थे तरुण तरूण के मामा सुशील गौतम जो मूल रूप से लुधियाना के हैं और वर्तमान में कनाडा में रहते हैं, ने बताया कि 29 वर्षीय प्रांतीय कॉन्स्टेबल तरुण बाली का पुलिस करियर बेहद शानदार और बेदाग था। वे ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस के डफ़रिन डिटैचमेंट में स्थायी रूप से तैनात थे और उन्हें पुलिस सेवा में ढाई साल का समय हो चुका था। मौत के समय तरुण बाली जेम्स बे डिटैचमेंट के साथ एक विशेष संगठनात्मक तैनाती पर थे। पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तरुण बेहद मिलनसार, साहसी और अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित अधिकारी थे। दो साल पहले हुए थी तरण की शादी तरूण बचपन से ही कनाडा में रहे हैं और दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। मामा सुशील गौतम ने बताया कि उसने शादी भी पूरे भारतीय रीति रिवाजों के साथ की। उसका सनातन धर्म में बहुत विश्वास था। कनाडा में रहते हुए भी वह सनातन की सभी परंपराओं को मानता था। ‘यह हर पुलिस परिवार का सबसे बुरा सपना’ इस दुखद घटना के बाद कनाडा के पुलिस संगठनों और एसोसिएशंस में भारी आक्रोश और शोक है। OPP एसोसिएशन के अध्यक्ष डेविड सबातिनी ने एक बेहद भावुक और कड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने लिखा है कि- “यह हर पुलिस अधिकारी और उसके परिवार के सदस्य के लिए सबसे बुरा सपना है। हम हर दिन अपने घरों से यह सोचकर निकलते हैं कि देश की सेवा करनी है, लेकिन यह घटना एक भयानक रिमाइंडर है कि ओंटारियो के नागरिकों की रक्षा करते हुए हमारे जवानों को हर दिन किस तरह के जानलेवा खतरों का सामना करना पड़ता है। हमारी पूरी संवेदनाएं तरुण के परिवार के साथ हैं।”— डेविड सबातिनी, अध्यक्ष, OPP एसोसिएशन प्रीमियर डग फोर्ड और कमिश्नर ने जताया गहरा दुख तरुण बाली की शहादत पर कनाडा के राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड (Doug Ford) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा, “आज हर्स्ट में ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले OPP प्रांतीय कॉन्स्टेबल तरुण बाली की मृत्यु की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। ओंटारियो के लोगों की ओर से, मैं उनके परिवार, प्रियजनों और सहकर्मियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। हम उनके साहस, उत्कृष्ट सेवा और इस महान बलिदान को नमन करते हैं।”
Source link

