पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स: मोहाली में युगांडा की युवती से गैंगरेप; पठानकोट में कॉन्स्टेबल लापता, नहर किनारे मिली थार – Mohali News
मोहाली में विदेशी युवती के साथ गैंगरेप किया गया है। फोटो एआई जनरेटेड है।
मोहाली के खरड़ क्षेत्र में एक 26 वर्षीय विदेशी युवती ने 3 लाइबेरियाई नागरिकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उसे नशीला पदार्थ देकर गैंगरेप किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी मार्क टैरियेब
.
युगांडा मूल की पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मेडिकल वीजा पर भारत आई थी। वर्ष 2025 में उसकी मुलाकात लाइबेरिया निवासी मार्क टैरियेबे विल्सन, थॉमस एच.ए. गारवो और हैशेल टारपेह उर्फ डॉन से खरड़ के अमायरा ग्रीन इलाके में हुई थी। बाद में वे एक कॉलोनी में रहने लगे।
युवती का आरोप है कि मार्क उसे लस्सी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाता था, जिससे वह बेहोशी जैसी हालत में पहुंच जाती थी। इसके बाद तीनों आरोपी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते थे। (पढ़ें पूरी खबर)
पठानकोट में कॉन्स्टेबल लापता, नहर किनारे मिली थार
पठानकोट में कॉन्स्टेबल लापता हो गया। 2 दिन बाद उसकी थार यूबीडीसी नहर किनारे मिली। हालांकि, कांस्टेबल का कोई अता-पता नहीं लगा। संभावना जताई जा रही है कि कांस्टेबल नहर में गिरा है। लापता पुलिस कर्मी की पहचान 22 वर्षीय युवराज निवासी इंदिरा कॉलोनी के रूप में हुई है।
फिलहाल, कॉन्स्टेबल की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ तथा गोताखोरों की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। युवराज के भाई नितिन ने बताया कि युवराज पंजाब पुलिस में कार्यरत है और उसकी ड्यूटी गुरदासपुर थाने में है।
उन्होंने बताया कि युवराज पिछले 2 दिनों से लापता हैं तथा उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। नितिन के अनुसार युवराज की थार गाड़ी धीरा पुल के समीप नहर किनारे खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है। (पढ़ें पूरी खबर)
कपूरथला में युवक को गोली मारी, खेत से घर लौटते वक्त रास्ते में घेरा

कपूरथला के ढिलवां क्षेत्र के गांव मंड चक्कोकी में खेत से लौट रहे एक युवक को गोरी मार दी। घायल युवक को कपूरथला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पीड़ित के बयान पर ढिलवां थाने में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना ढिलवां के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
सिविल अस्पताल कपूरथला में उपचाराधीन घायल जोबनप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव चक्कोकी मंड में उसकी और उसके पिता सतनाम सिंह की लगभग 12 एकड़ जमीन है। वह अपने पिता के साथ खेती करता है। बीते 12 जून की दोपहर वह अपने दोस्त बलदेव सिंह बाजवा (निवासी गांव हबीबवाल) का ट्रैक्टर अपनी जमीन जोतने के लिए लाया था। (पढ़ें पूरी खबर)
कपूरथला में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से लाइनमैन की मौत, परिजनों ने सबस्टेशन के बाहर धरना दिया

कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी सब-डिवीजन में ड्यूटी के दौरान एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और साथी कर्मचारियों ने 66 KV बिजली सबस्टेशन लोहियां खास के बाहर धरना प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय ओंकार सिंह उर्फ साहिब के रूप में हुई है, जो रामपुर जागीर गांव, सुल्तानपुर लोधी का निवासी था। वह लोहियां बिजली कार्यालय में लाइनमैन के पद पर तैनात था और अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा था। जानकारी के अनुसार, ओंकार सिंह गांव टुरना में बिजली की लाइन ठीक कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक करंट लग गया।
गंभीर रूप से घायल ओंकार सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद, परिवार और कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने बिजली विभाग के कुछ अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह दुखद हादसा जेई तरलोक सिंह की कथित लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)
AAP मंत्री की गिरफ्तारी के बाद ED का गमाडा पर शिकंजा

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच तेज कर दी है। अब जांच की आंच ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) तक पहुंच गई है। ईडी ने साल 2019 के बाद मंजूर किए गए विभिन्न रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से संबंधित फाइलें, मंजूरी प्रक्रिया और वित्तीय लेन-देन का रिकॉर्ड तलब किया है।
सूत्रों के अनुसार, एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं प्रोजेक्ट्स को मंजूरी देने की प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी तो नहीं की गई और क्या सरकारी देनदारियों तथा फंड के इस्तेमाल में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है। इसी कड़ी में गमाडा के कई विभागों से दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
चंडीगढ़ में पढ़ाने की बजाय मंचों पर एक्टिव JBT टीचर, शिक्षा विभाग ने नौकरी से निकाला

चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने अनुशासनहीनता और लगातार मिल रही शिकायतों के चलते हल्लोमाजरा हाई स्कूल में तैनात एक जेबीटी शिक्षिका की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। शिक्षिका समग्र शिक्षा अभियान (एसएसए) के तहत अनुबंध पर नियुक्त थी। विभाग का कहना है कि कई बार चेतावनी और शोकॉज नोटिस जारी करने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
विभागीय सूत्रों के अनुसार शिक्षिका के खिलाफ स्कूल प्रशासन की ओर से शिकायतें भेजी जा रही थीं। आरोप था कि शिक्षिका पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने की बजाय अलग-अलग मंचों और गतिविधियों में ज्यादा सक्रिय रहती थी। इससे पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा था। कुछ मामलों में विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की शिकायतें भी सामने आई थीं। (पढ़ें पूरी खबर)
जगराओं में ट्रेन से कटकर युवक की मौत, फिरोजपुर-लुधियाना गाड़ी से हादसा

लुधियाना के कस्बा जगराओं में शुक्रवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया है। पहचान न होने के कारण शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवा दिया गया है।
रेलवे पुलिस के अधिकारी प्रकाश सिंह ने बताया कि उन्हें फिरोजपुर से लुधियाना जा रही ट्रेन से हादसे की सूचना मिली थी। ट्रेन जगराओं स्टेशन से रवाना होकर कच्चा मलक के पास पहुंची, तभी एक व्यक्ति अचानक ट्रेन के सामने आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)

