हाई कोर्ट के आदेश पर अकाली नेता जोबनप्रीत रिहा: मजीठिया की तरह मूंछों को ताव देकर जेल से निकले; AAP हलका इंचार्ज तलबीर को ललकारा – Amritsar News
पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट के आदेशों के बाद अकाली नेता जोबनप्रीत सिंह को आज अमृतसर केंद्रीय जेल से रिहा कर दिया गया। जोबनप्रीत सिंह पिछले कुछ समय से एक मामले में जेल में बंद थे। हाई कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी को अवैध करार देते हुए तत्काल रिहाई के आदेश जारी किए थे। इस संबंध में जानकारी देते हुए एडवोकेट अमनबीर सिंह सियाली ने बताया कि जोबनप्रीत सिंह को एक एफआईआर में गलत तरीके से फंसाया गया था। इस मामले में उनके पिता की ओर से पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में रिट याचिका दायर की गई थी। जोबनप्रीत ने अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की तरह ही मूंछों को ताब देते हुए आप के हल्का इंचार्ज तलबीर गिल को ललकारा कि ‘ मित्रा बड़ी चपेड वजजी तेरे, इसके साथ ही उन्होंने तलबीर के समर्थकों से भी कहा कि इस आदमी को छोड़ दें यह सही नहीं है। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे गैरकानूनी माना और उनकी तत्काल रिहाई के निर्देश दिए। सियाली ने बताया कि हाई कोर्ट की ओर से शाम करीब साढ़े चार बजे आदेश जारी किए गए थे। इसके बाद अमृतसर के ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में इन आदेशों को पेश किया गया। अदालत ने हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए केंद्रीय जेल प्रशासन को आवश्यक आदेश जारी किए, जिसके बाद जोबनप्रीत सिंह को रिहा कर दिया गया। गिरफ्तारी की चल रही अफवाहें सोशल मीडिया पर उनकी दोबारा गिरफ्तारी की चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए एडवोकेट अमनबीर सिंह सियाली ने कहा कि ये केवल अफवाहें हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जोबनप्रीत सिंह को पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत रिहा किया गया है। उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार तथा समर्थकों के साथ शांतिपूर्वक जेल से बाहर आए हैं। उनकी दोबारा गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही ऐसा कोई मामला सामने आया है।अमृतसर जेल से रिहा होने के बाद जोबनप्रीत ने कहा कि वह सबसे पहले वाहेगुरु जी का शुक्रिया अदा करते हैं। उन्होंने कहा कि सत्य की जीत हुई है और उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है। अकाली नेताओं का जताया आभार जोबनप्रीत ने अपने कठिन समय के दौरान साथ देने के लिए सुखबीर सिंह बादल, बिक्रम सिंह मजीठिया, एडवोकेट अर्शदीप सिंह क्लेर, एडवोकेट दमनबीर सोबती तथा शिरोमणि अकाली दल की लीगल सेल का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दिए गए सहयोग और समर्थन के लिए वह सदैव उनके ऋणी रहेंगे।
Source link

