पठानकोट के चक्की दरिया में भूमि कटाव बढ़ा: अवैध पाइपों से पानी निकासी बनी खतरे की वजह; लोगों ने जताई नाराजगी – Pathankot News
पठानकोट में बेदी बजरी कंपनी के पास बहते चक्की दरिया में लगातार हो रहे भूमि कटाव ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। इस कटाव के कारण कई लोगों की जमीनें और संपत्तियां पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, और अब आसपास के घरों, दुकानों तथा एक धार्मिक स्थल पर भी खतरा मंडरा रहा है। लोगों का आरोप है कि निजी होटलों/रेस्टोरेटों की ओर से दरिया तक डाली पाइपों से कटाव का खतरा बढ़ गया है। करोड़ों रुपए खर्च कर रही सरकार स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक ओर जहां सरकार भूमि कटाव रोकने के लिए दरिया किनारे करोड़ों रुपये खर्च कर पत्थरों के क्रेट लगवा रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ निजी संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान अवैध रूप से पाइपें डालकर सीधे चक्की दरिया में पानी छोड़ रहे हैं। इन पाइपों से लगातार गिर रहा पानी दरिया के कटाव को और तेज कर रहा है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने ट्रैक के नीचे से निकाली अवैध पाइपें
निवासियों के अनुसार, आसपास स्थित पैलेस, स्विमिंग पूल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने ट्रैक के नीचे से अवैध पाइपें निकाल रखी हैं। इन पाइपों से निकलने वाला पानी सीधे दरिया में गिरता है, जिससे बेदी बजरी कंपनी के आसपास का क्षेत्र, दरबार और अन्य संपत्तियां खतरे की जद में आ गई हैं।
लोगों का कहना है कि यदि इन अवैध पाइपों को तुरंत बंद नहीं किया गया, तो सरकार द्वारा लगाए गए सुरक्षा क्रेट भी पानी के तेज बहाव के सामने टिक नहीं पाएंगे। इससे कटाव की समस्या और गंभीर हो जाएगी, जिससे बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता है। नगर निगम को कई बार दी शिकायत
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम और प्रशासन को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं। हालांकि, अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में इलाके का एक बड़ा हिस्सा भूमि कटाव की चपेट में आ सकता है।
इस मामले में नगर निगम के एक्सियन से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि संबंधित स्थान का निरीक्षण कर जल्द ही अवैध निकासी पाइपों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link

