फिल्लौर में मेले में लगा झूला टूटकर गिरा: 4 लोग गंभीर रूप से घायल, मौके पर चीख-पुकार मची; नीचे खड़े लोग भी चोटिल – Jalandhar News

फिल्लौर में मेले में लगा झूला टूटकर गिरा:  4 लोग गंभीर रूप से घायल, मौके पर चीख-पुकार मची; नीचे खड़े लोग भी चोटिल – Jalandhar News




पंजाब के फिल्लौर में डेरा बाबा ब्रह्मदास मेले के दौरान हादसा हो गया। मेले में लगे एक झूले के नट-बोल्ट अचानक टूटने के कारण झूला बीच में ही टूट कर गिर गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय झूले में 30 के करीब लोग बैठे हुए थे। झूला गिरने से 4 लोग गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें लोगों की मदद से तुरंत फिल्लौर के स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस भी सूचना पर मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना के समय कुछ लोग झूले के नीचे आसपास खड़े थे। झूला गिरने के कारण झूले में सवार लोगों के साथ-साथ नीचे खड़े लोग भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए फिल्लौर के सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया। हादसे में 4 लोग ज्यादा गंभीर हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए फिल्लौर के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल में दाखिल करवाया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान नहीं, बोल्ट टूटने से हुआ हादसा मेले के बाहर लगे इस झूले के टूटने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत घायलों को टूटे हुए झूले से निकाला और एबुंलेस व अपने साधनों से सिविल अस्पताल पहुंचाया। अभी घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। 2-3 चक्कर लगाकर ही झूला टूटा मेले में पहुंचे एक प्रत्यक्षर्शी ने बताया कि लोग झूला झूल रहे थे। इस दौरान पुराना और जंग खा चुके झूले में 30 से 35 लोग सवार थे। झूले ने अभी 2-3 चक्कर ही लगाए थे कि एक डिब्बे का नट बोल्ट ढीला हो गया और फिर टूट गया। जैसे ही नट टूटा, पूरा का पूरा डिब्बा जमीन पर गिर गया। इससे इसमें बैठे लोग बुरी तरह जख्मी हो गए और झूले के डिब्बे में ही फंस गए। गनीमत रही की झूले के बिल्कुल नीच लोग खड़े नहीं थे। नहीं तो टूटकर गिरे डिब्बे के नीचे आने से किसी की मौत हो सकती थी। हालांकि, कुछ लोग जो आसपास खड़े थे उनको भी चोट आई। लोगों ने ऑटो से घायलों को अस्पताल पहुंचाया लोगों ने मेला स्थल पर झूला गिरने के तुरंत बाद फिल्लौर थाना पुलिस को सूचित कर दिया। इससे पहले कि एबुंलेंस पहुंची, लोगों ने ऑटो से ही घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की हालत गंभीर है, लेकिन खतरे से बाहर है। सभी का इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान के बाद झूले की जांच की जाएगी और झूला लगाने वाले के खिलाफ भी बनती कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मालिक मौके से भागा, पुलिस ने वर्करों को पूछताछ के लिए बुलाया घटना के बाद झूला लगाने वाला मालिक मौके से भाग गया। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद मालिक कहां गया है, इसकी छानबीन चल रही है। अभी झूले पर रखे वर्करों से पूछताछ चल रही है। उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। इस मामले में जो भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी, झूला मालिक पर कार्रवाई की जाएगी। डेरा बाबा ब्रह्मदास में दूर-दूर के लोगों की श्रद्धा पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर शहर स्थित डेरा बाबा ब्रह्मदास एक प्रसिद्ध धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल है। यह स्थान मुख्य रूप से सूफी परंपरा और गुरु-शिष्य परंपरा के अनुयायियों के लिए गहरी श्रद्धा का केंद्र माना जाता है। यहां हर साल जून के महीने में सालाना मेला और बरसी समागम आयोजित किया जाता है। इस दौरान दूर-दूर से संगत और श्रद्धालु मत्था टेकने और आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। शनिवार को भी डेरा स्थल पर मेला चल रहा था। इस दौरान लोग झूला झूल रहे थे और हादसा हो गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *