नकोदर में बोरी में मिला 33 वर्षीय युवक का शव: कई दिन पुराना होने से सड़ गया था, जेब में मिले वोटर आईडी कार्ड से हुई पहचान – Nakodar News




जालंधर के नकोदर के तहत आते गांव जहांगीर में एक पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे बोरी में लिपटी हुई एक युवक की सड़ी-गली लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। यह खौफनाक वारदात आज 7 अगस्त 2026 को सामने आई। जैसे ही स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे लावारिस बोरी को देखा, तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी नकोदर ओंकार सिंह बराड़ और सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर अपनी तफ्तीश शुरू की। जेब में मिले पहचान पत्रों से हुई मृतक की शिनाख्त बोरी को खोलने पर पुलिस को उसमें से एक युवक का क्षत-विक्षत और काफी पुराना शव बरामद हुआ, जो पूरी तरह सड़ चुका था। शुरुआती छानबीन के दौरान पुलिस ने जब मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, तो उसकी जेब से वोटर आईडी और पैन कार्ड बरामद हुए। इन दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान 33 वर्षीय गुरविंदर सिंह, पुत्र रणजीत सिंह के रूप में हुई है। मृतक गुरविंदर सिंह सुल्तानपुर लोधी के थाना कबीरपुर के अंतर्गत आते गांव पस्सं कदीम का रहने वाला था। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। निर्मम हत्या के बाद शव को बोरी में बंद कर फेंका लाश की हालत को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या कहीं और की गई है और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बोरी में बंद कर नकोदर के हाईवे के पास फेंक दिया गया। डीएसपी नकोदर ओंकार सिंह बराड़ ने मीडिया को बताया कि मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है और उन्हें शिनाख्त व बयानों के लिए तुरंत मौके पर बुलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या (मर्डर) का मामला दर्ज करने की पूरी तैयारी कर रही है। हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस डीएसपी बराड़ ने आगे कहा कि परिजनों के मौके पर पहुंचने और उनके विस्तृत बयानों के बाद ही यह तस्वीर साफ हो पाएगी कि गुरविंदर सिंह अपने घर से कब और किन परिस्थितियों में निकला था। उसका नकोदर के इस इलाके से क्या संबंध था और उसकी किसी के साथ कोई रंजिश तो नहीं थी? फिलहाल, सदर थाना पुलिस आसपास के लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है ताकि उस वाहन या संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके, जिन्होंने इस बोरी को सड़क किनारे फेंका था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *