निसार अहमद मालेरकोटला फीस रेगुलेटरी बॉडी के सदस्य नियुक्त: प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर लगेगी लगाम; 2 साल होगा कार्यकाल – Malerkotla News
पंजाब सरकार ने निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली पर अंकुश लगाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी कड़ी में मालेरकोटला जिले में फीस नियंत्रण के लिए एक रेगुलेटरी बॉडी का गठन किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पंजाब के राज्यपाल की मंजूरी से समाजसेवी निसार अहमद थिंद को मालेरकोटला जिला रेगुलेटरी बॉडी का सदस्य मनोनीत किया गया है। इस पद के लिए निसार अहमद थिंद के नाम की सिफारिश मालेरकोटला के विधायक डॉ. जमील उर रहमान ने की थी। इस बॉडी का कार्यकाल 2 वर्ष निर्धारित किया गया है। डॉ. जमील उर रहमान ने निसार अहमद थिंद को अधिसूचना की प्रति सौंपकर उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री थिंद सरकार के उद्देश्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह रेगुलेटरी बॉडी मालेरकोटला जिले के सभी निजी स्कूलों द्वारा वसूली जा रही फीस की जांच करेगी। यदि किसी स्कूल द्वारा अधिक फीस वसूलने का मामला सामने आता है, तो वह अतिरिक्त फीस छात्रों के अभिभावकों को वापस करवाई जाएगी। निसार ने पंजाब सरकार का जताया आभार इस नियुक्ति पर निसार अहमद थिंद ने कहा कि वे पंजाब सरकार द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने बताया कि वे सरकार के निर्देशों के अनुसार स्कूलों द्वारा अभिभावकों से मनमानी फीस वसूली को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े हैं निसार निसार अहमद थिंद लंबे समय से समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े रहे हैं। वे रोटरी क्लब मालेरकोटला द्वारा संचालित ‘स्कूल फॉर ब्लाइंड एंड डिसेबल्ड’ की प्रबंधकीय समिति के सह-अध्यक्ष भी हैं।
Source link

