जालंधर लेडी डॉक्टर डेथ- नीली पड़ी थी लाश: मेड को फ्लैट का दरवाजा बंद मिला, खिड़की से अंदर गए; बॉडी की फोटो सामने आई – Jalandhar News
जालंधर की डॉक्टर मीनाक्षी की मौत मामले में नए खुलासे हुए हैं। पड़ोसियों के मुताबिक 10 जून को सुबह काम करने आई मेड को दरवाजा बंद मिला था। दरवाजा ने खुलने पर खिड़की से अंदर गए। मीनाक्षी की बॉडी नीली पड़ी थी। 2 कत्ते अंदर थे। लोगों के मुताबिक ढाई घंटे बाद
.
मीनाक्षी की शादी जालंधर के डॉक्टर पीयूष के साथ अक्टूबर 2018 में हुई। शादी के 7 साल बाद भी दोनों के कोई बच्चा नहीं था। डॉ. मीनाक्षी एमएस थीं और कपूरथला के सरकारी अस्पातल में कार्यरत थीं। अभी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मीनाक्षी की मां नीलम ने आरोप लगाया कि बिहार में पढ़ाई के दौरान भी डॉक्टर पीयूष का व्यवहार ठीक नहीं था। वहां उसने स्टूडेंट को पीट दिया था और उस पर धारा 307 के तहत केस दर्ज हुआ था।
उन्होंने कहा कि पीयूष शराब पीने का आदी था और मीनाक्षी को पिछले 1 साल से लगातार मेंटली और फिजिकली परेशान कर रहा था। उसका नर्स के साथ अफेयर है। उसके अश्लील वीडियो भी सामने आए हैं। डॉ. मीनाक्षी के परिवार का कहना है कि डॉ. पीयूष के इस वीडियो को मीनाक्षी ने देख लिया था।
दैनिक भास्कर टीम ने केवल विहार वाले उस फ्लैट का दौरा किया जहां डॉक्टर मृत पाई गई थी। आस-पास के लोग डरे हुए थे। लोगों ने अपने नाम तो बताए। लेकिन कवरेज से मना कर दिया। कारण पूछने पर बताया कि पुलिस का प्रेशर है।
इस खिड़की से लोग फ्लैट के अंदर घुसे थे। अंदर डॉक्टर मीनाक्षी की बॉडी मिली थी।
पहले पढ़िए लोगों ने क्या कहा…
- मेड को घर का दरवाजा बंद मिला: डॉक्टर के घर के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि 10 जून को सुबह खाना बनाने के लिए मेड आई तो उसने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने केवल विहार सोसाइटी के प्रधान को बुलाया।
- खिड़की तोड़कर घुसे, फर्श पर गिरी मिली: लोगों ने दरवाजा तोड़ना चाहा लेकिन टूटा नहीं। इसके बाद विंडो ऐसी के लिए रखी खिड़की का कांच तोड़कर अंदर गए तो डॉक्टर मीनाक्षी फर्श पर गिरी थी। उसकी बॉडी नीली पड़ चुकी थी। डॉक्टर का एक पैर बेड पर था और धड़ और सिर वाला हिस्सा फर्श पर। डॉक्टर के दोनों कुत्ते भी अंदर थे।
- ढाई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची: लोगों ने आरोप लगाया कि जिस दिन डॉक्टर की डेडबॉडी मिली उस दिन पुलिस को सुबह साढ़े 7 बजे फोन किया। लेकिन थाना 6 की पुलिस 10 बजे पहुंची। इसके बाद भी बाहर ही रही और अंदर नहीं गई। यहां मौके पर एक युवक ने वीडियो बना लिया था, जिसे पुलिस ने डिलीट करवा लिया।
- पुलिस ने कुछ शेयर करने से मना किया: ये भी कहा कि किसी भी मीडिया वाले को कुछ भी शेयर न करें। मीनाक्षी का मायका जलालाबाद में है। मायके वाले दोपहर 3 बजे के करीब पहुंचे। तब पुलिस ने डेडबॉडी को बयान लिखने के बाद शाम 6 बजे सिविल अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टर मीनाक्षी के पति पीयूष का कपूरथला चौक स्थित अस्पताल।
9 पॉइंट में पढ़िए मीनाक्षी की मां ने क्या कहा…
- मौत के बाद ससुराल वाले मिलने नहीं आए: डॉ. मीनाक्षी की मां नीलम ने कहा कि बेटी की मौत के बाद ससुराल परिवार मिलने तक नहीं पहुंचा। मीनाक्षी की शादी अक्टूबर 2018 में जालंधर के नेशनल आई केयर हॉस्पिटल के मालिक डॉ. पीयूष सूद के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पीयूष उसे मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद प्रताड़ित करता था। शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था।
- किराए पर फ्लैट लेकर रहती थी मीनाक्षी: उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा से तंग आकर मीनाक्षी ने पहले पुलिस में ऑनलाइन शिकायत भी की थी। लेकिन बाद में तरस खाकर समझौता कर लिया। जब हालात नहीं सुधरे, तो वह पिछले साल 25 जून को ससुराल (कैनॉल कॉलोनी की कोठी) से केवल अपने कपड़े लेकर निकलीं और केवल विहार में किराए का फ्लैट लेकर अलग रहने लगीं। दोनों का कोई बच्चा नहीं था।
- मौत से 2 हफ्ते पहले तलाक की बात: मां ने कहा कि 2 हफ्ते पहले मीनाक्षी ने पीयूष से कहा था कि वह आपसी सहमति से तलाक (म्यूचुअल डिवोर्स) चाहती है और बदले में अपनी कोई प्रॉपर्टी नहीं मांगेगी।
- दोस्त ने कहा था कैसे प्रूफ करोगी लोन: बस उसके द्वारा चुकाए गए लोन के 70 लाख रुपए वापस कर दे और ढाई करोड़ के लोन से उसका नाम हटवा दे। इस पर पीयूष ने सबूत मांगे और बड़े कानूनी पद पर बैठे दोस्त से मीनाक्षी को फोन करवाया। उसने भी मीनाक्षी को कानूनी रूप से पैसा साबित न कर पाने के लिए कहा, जिस पर मीनाक्षी ने कहा था कि वह कोर्ट जाकर इसे साबित कर देगी।
- शिकायत से नाम निकलवाने का दबाव बनाया: उन्होंने कहा कि मीनाक्षी की मौत के बाद जब वे शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो पुलिस के बड़े अधिकारी ने कथित तौर पर शर्त रख दी कि एफआईआर तभी दर्ज होगी जब वे अपनी शिकायत से कानूनी पद पर बैठे व्यक्ति का नाम हटाएंगे।
- पीयूष पर बिहार में केस दर्ज हुआ था: दबाव और घबराहट में नाम निकलवाना पड़ा, जिसके बाद 10 जून शाम को FIR दर्ज हो सकी। शादी के बाद उन्हें पता चला कि पीयूष सूद पर बिहार में पढ़ाई के दौरान से ही धारा 307 (हाफ मर्डर) का एक पुराना आपराधिक मामला चल रहा है। आरोपी ने मीनाक्षी की पूरी कमाई लूट ली, उसे तड़पाया और अब वे आरोपी पति को जेल भिजवाकर अपनी बेटी के लिए इंसाफ चाहते हैं।
- बैंक से लिया था ढाई करोड़ का लोन: मां ने कहा कि अलग रहने के बाद भी पीयूष मीनाक्षी को लगातार धमकियां दे रहा था। इस दौरान मीनाक्षी को तब बड़ा झटका लगा जब वह खुद का फ्लैट खरीदने के लिए बैंक में लोन का पता करने गई। वहां उसे मालूम हुआ कि उसके सिबिल स्कोर पर पहले से ही आईसीआईसीआई बैंक में ढाई करोड़ रुपए का लोन चल रहा है।
- नाम हटाने को कहा तो टालता रहा पति: पीयूष ने ये लोन जाली सिग्नेचर करके धोखे से लिया है। इससे पहले भी मीनाक्षी ने पति को 45 लाख रुपए का लोन दिलवाया था, जिसकी किस्तें खुद 6 साल तक चुकाई थीं। जब मीनाक्षी ने ढाई करोड़ के लोन से अपना नाम हटाने को कहा, तो पीयूष टाल-मटोल करने लगा।
- बेटी लोन से बहुत परेशान थी: मीनाक्षी की मां ने बताया कि बेटी का सैलरी अकाउंट SBI में था जबकि उसके नाम पर डॉक्टर पीयूष ने ढाई करोड़ रुपए का लोन ICICI जालंधर से लिया था। मां का दावा है कि बेटी लोन से बहुत परेशान थी।

पति पीयूष सूद के साथ डॉक्टर मीनाक्षी की फोटो।
पिता से कहा था- ढाई करोड़ का लोन कैसे भरूंगी पिता प्रमोद ने बताया कि बेटी ने लोन को लेकर उसे फोन पर कहा कि पापा मेरे नाम पर पति ने ढाई करोड़ का लोन ले लिया है। मैं इसे कैसे भरूंगी। मेरा सपना अपना घर लेकर रहने का था, लेकिन अब घर लेने के लिए नया लोन नहीं मिलेगा। मेरी तो सारी जिंदगी किसी का लोन चुकाने में निकल जाएगा। पिता ने बताया कि लोन अस्पताल में कंस्ट्रक्शन के नाम पर लिया गया था। उन्होंने डॉक्यूमेंट नहीं देखे लेकिन बेटी ने बताया था कि उसके साइन डुप्लीकेट किए गए हैं।
एसीपी मनमोहन सिंह ने कहा- सभी खाते सीज करो जालंधर पुलिस के एसीपी मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस जांच में जुटी है। अपनी तरफ से हर एंगल से जांच कर रही है। परिवार के बयानों पर डॉक्टर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। इसके अलावा बैंक लोन को लेकर भी पुलिस टीम जांच कर रही है। फिल्हाल डॉक्टर पीयूष के पर्सनल और अस्पताल के बैंक खाते सीज करने को कह दिया गया है।
5 डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमॉर्टम किया सिविल अस्पताल में गुरुवार दोपहर 3 बजे के करीब 5 डॉक्टरों के पैनल ने मीनाक्षी की बॉडी का पोस्टमॉर्टम किया। शरीर पर फिलहाल चोट का कोई निशान नहीं मिला है। मौत किन कारणों से हुई है, डॉक्टर ने कोई जहरीली वस्तु आई थी या किसी और तरीके से जान दी या मर्डर हुआ है, इस बात की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
कुछ दिन पहले नई एसयूवी गाड़ी ली थी कपूरथला सिविल अस्पताल के डॉक्टर राजीव भगत अभी कुछ दिन पहले ही डॉक्टर मीनाक्षी ने नई एसयूवी गाड़ी ली थी। पहले उसने ड्राइवर रखा था लेकिन अब खुद ड्राइव कर आ रही थी। 9 जून को उसने नॉर्मल तरीके से मरीजों को अटेंड किया था। परेशानी वाली बात कभी शेयर नहीं की।
————–
ये खबर भी पढ़ें…
वह VIDEO जिसे देख लेडी डॉक्टर ने सुसाइड किया, पति नर्स संग लिपलॉक करता दिख रहा

जालंधर के नेशनल आई अस्पताल के डॉक्टर पीयूष की पत्नी डॉक्टर मीनाक्षी के सुसाइड केस में डॉक्टर पति का आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है। इसमें वह अस्पताल की नर्स के साथ लिपलॉक करता नजर आ रहा है। डॉ. मीनाक्षी के परिवार का कहना है कि डॉ. पीयूष के इस वीडियो को मीनाक्षी ने देख लिया था। (पढ़ें पूरी खबर)

