जालंधर में पुलिसकर्मी की गाड़ी ने रेहड़ी को मारी टक्कर: शराब पीने, हाथापाई करने और मोबाइल फोन छीनने के आरोपों के बाद भारी हंगामा – Jalandhar News
जालंधर के भगवान वाल्मीकि चौक के पास एक पुलिसकर्मी की कार और रेहड़ी के बीच हुई टक्कर के बाद बीच सड़क पर भारी हंगामा हो गया। पीड़ित रेहड़ी चालक और एक सिख नौजवान ने पुलिसकर्मी पर शराब के नशे में होने, लापरवाही से गाड़ी चलाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी तरफ पुलिसकर्मी का दावा है कि हादसे के बाद लोगों ने उसके साथ हाथापाई की और उसकी गाड़ी से उसका मोबाइल फोन छीन लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है और सूचना मिलने पर थाना 4 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना पुरानी कचहरी के ठीक बाहर की है। टक्कर के तुरंत बाद पुलिसकर्मी और रेहड़ी चालक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने जल्द ही एक बड़े विवाद का रूप ले लिया।
घटनास्थल पर लोगों की लगी भीड़ देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बीच सड़क पर दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा देखने को मिला। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी को लोगों के बीच घिरे होने और अपना मोबाइल फोन वापस मांगते हुए देखा जा सकता है। पुलिसकर्मी का आरोप है कि हादसे के बाद रेहड़ी चालक ने उसके साथ बदसलूकी की। उसने कहा कि वह अपनी गाड़ी से जा रहा था, तभी सड़क पर खड़ी एक एक्टिवा के साथ उसकी टक्कर हो गई। पुलिसकर्मी का दावा है कि इस हादसे में कोई नुकसान नहीं हुआ था, लेकिन इसके बावजूद रेहड़ी चालक ने जबरन उसकी गाड़ी के अंदर हाथ डालकर उसका फोन निकाल लिया।
पुलिसकर्मी पर नशे में होने का आरोप दूसरी ओर, रेहड़ी चालक और एक स्थानीय सिख नौजवान ने पुलिसकर्मी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। सिख नौजवान का साफ़ तौर पर कहना है कि उक्त पुलिसकर्मी ने शराब का सेवन किया हुआ था और वह नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी पहले उसकी एक्टिवा को घसीटकर काफी दूर तक ले गया और फिर उसके बाद सीधे उसकी रेहड़ी में टक्कर मार दी। नौजवान ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेहड़ी पर रखा गर्म तेल उसके ऊपर गिरने से बाल-बाल बच गया। आरोप यह भी है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो पुलिसकर्मी ने उनके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। सिख नौजवान ने दो टूक शब्दों में कहा कि हादसे के कारण उनका जो भी आर्थिक नुकसान हुआ है, पहले पुलिसकर्मी उसकी भरपाई करे, उसके बाद ही उसका फोन वापस किया जाएगा।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद रेहड़ी चालक द्वारा तुरंत मामले की सूचना थाना संख्या 4 की पुलिस को दी गई। हादसे और हंगामे की जानकारी मिलते ही थाना 4 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सामने आए वीडियो और बयानों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link

