अमृतसर में दूध-पनीर के 12 में से 8 सैंपल फेल: 2 नमूने सेहत के लिए असुरक्षित, 6 सब-स्टैंडर्ड मिले; डेयरियों पर कानूनी कार्रवाई शुरू – Amritsar News
अमृतसर शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई एक बड़ी कार्रवाई में डेयरियों से लिए गए दूध और दुग्ध उत्पादों के नमूनों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। आयुक्त, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, पंजाब के निर्देशों के तहत सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जी.एस. पन्नू के नेतृत्व में गठित टीम ने 21 मई 2026 को शहर की विभिन्न डेयरियों से 12 नमूने एकत्र किए थे, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, खरड़ भेजा गया। जांच में 2 नमूने असुरक्षित, 6 सब-स्टैंडर्ड पाए गए जांच रिपोर्ट के अनुसार, इन 12 नमूनों में से 2 नमूने मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए, जबकि 6 नमूने निम्न गुणवत्ता यानी सब-स्टैंडर्ड पाए गए। केवल 4 नमूने ही निर्धारित मानकों पर खरे उतर सके। यह स्थिति खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न करती है। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जी.एस. पन्नू ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान कई प्रमुख डेयरियों से लिए गए नमूनों में गड़बड़ियां पाई गईं। कुछ स्थानों से लिए गए पनीर, दूध और दही के नमूने या तो असुरक्षित थे या फिर गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन डेयरियों के नमूने फेल पाए गए हैं, उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डॉ. पन्नू ने कहा कि जनस्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की मिलावट या घटिया गुणवत्ता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें नियमित रूप से ऐसे निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाती रहेंगी ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय सतर्क रहें और केवल स्वच्छ वातावरण में बने तथा विश्वसनीय स्रोतों से ही उत्पाद खरीदें, ताकि अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Source link

