बरनाला में नाबालिग छात्रा का दो हफ्तों से नहीं सुराग: संगठनों ने पुलिस को घेरा, प्रदर्शन कर दी आंदोलन की चेतावनी – Barnala News
पंजाब में बरनाला के चीमा गांव में एक निजी स्कूल की नाबालिग छात्रा को अगवा किए जाने का मामला गरमा गया है। घटना 20 मई को हुई थी, लेकिन दो हफ्ते से अधिक समय बीत जाने के बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट जन संगठनों ने अब विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छात्रा को स्कूल बस का ड्राइवर बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस मामले में पुलिस अभी तक खाली हाथ है। पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटक रहा है। चौकी प्रभारी ने दिया आश्वासन भारतीय किसान यूनियन (डकौंदा) और इंकलाबी केंद्र पंजाब के पदाधिकारियों ने पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस की धीमी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पुलिस चौकी प्रभारी ने आक्रोशित प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पुलिस टीमें सक्रिय रूप से जांच कर रही हैं। उन्होंने जल्द ही नाबालिग छात्रा को सुरक्षित बरामद करने और दोषी ड्राइवर को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग बीकेयू डकौंदा के इकाई अध्यक्ष जसदेव सिंह चीमा, जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चीमा, इंकलाबी केंद्र पंजाब (बरनाला) के जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पाल और जिला कमेटी सदस्य जसपाल सिंह चीमा ने संयुक्त रूप से रोष व्यक्त किया। उन्होंने चेतावनी दी, कि यदि जल्द ही लड़की को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो सभी जन संगठन मिलकर एक बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
Source link

