पठानकोट में महिला चोर गिरोह एक्टिव: शोरूम में चोरी के बाद साइन बोर्ड उखाड़ने का प्रयास; युवकों को देखकर भागीं – Pathankot News
पठानकोट के सिंबल चौक स्थित मोहल्ला दो सड़कां में महिला चोर गिरोह ने एक बार फिर चोरी का प्रयास किया। इस बार महिला चोरों ने एक भारी-भरकम साइन बोर्ड को उखाड़ने की कोशिश की, लेकिन मोहल्ले के युवकों की सतर्कता के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गई। दुकानदार दविंदर शर्मा और दिनेश ने बताया कि सुबह कुछ महिलाएं मोहल्ले के प्रवेशद्वार पर लगे साइन बोर्ड को उखाड़ रही थीं। जब उनकी नजर इन महिलाओं पर पड़ी, तो वे घबराकर भाग निकलीं। स्थानीय लोगों ने जांच की तो पाया कि बोर्ड लगभग पूरी तरह उखड़ चुका था और केवल एक किनारा ही जमीन में धंसा था। कुछ दिनों से क्षेत्र में सक्रिय है गिरोह प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह महिला गिरोह पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में सक्रिय है। कुछ दिन पहले भी रेडीमेड गारमेंट्स के एक शोरूम का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसका मामला अभी तक अनसुलझा है। इन घटनाओं से इलाके के दुकानदारों और निवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि इन चोर गिरोहों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में दुकानें और घर भी निशाना बन सकते हैं। सुबह के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग क्षेत्रवासियों ने पठानकोट पुलिस से मांग की है कि इलाके में, विशेषकर सुबह के समय, पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने सक्रिय चोर गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Source link

