पठानकोट में दूषित पानी की आपूर्ति, ग्रामीणों का प्रदर्शन: वाटर सप्लाई विभाग पर लापरवाही का आरोप; कहा-टंकी की नहीं की सफाई – Pathankot News
पठानकोट के सुजानपुर स्थित गांव जैनी उप्परली में दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों ने वाटर सप्लाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। सरबत दा भला ट्रस्ट के अध्यक्ष अर्जन सिंह गिल की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से गांव की वाटर सप्लाई टंकी की सफाई नहीं की जा रही है, जिससे उन्हें दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष अर्जन सिंह गिल ने बताया कि विभाग की लापरवाही के कारण वाटर सप्लाई टंकी का ढक्कन अक्सर खुला रहता है। इससे कबूतर और अन्य पक्षी व जानवर टंकी के आसपास जमा रहते हैं, जिससे पानी प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दूषित पानी पीने से गांव के लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने विभाग से टंकी की नियमित सफाई करवाने और उसे सुरक्षित रखने की मांग की, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया, तो गांववासी और सरबत दा भला ट्रस्ट के सदस्य मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। इस संबंध में वाटर सप्लाई विभाग के जेई मानव ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने बताया कि विभाग ने मौके पर टीम भेजकर जांच करवाई है, जिसमें वाटर सप्लाई टंकी का ढक्कन सही पाया गया और लोगों को साफ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। पानी की गुणवत्ता पर नियमित निगरानी रखी जाती है : जेई जेई मानव ने यह भी कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर टंकी की सफाई करवाई जाती है और पानी की गुणवत्ता पर नियमित निगरानी रखी जाती है। इस प्रदर्शन के दौरान भाग सिंह, रमणदीप सिंह, भूरा सिंह, कुलदीप सिंह, अर्जन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Source link

