साहनेवाल में नगर कौंसिल टीम से हाथापाई: दंपती ने दुकान को आग लगाने की दी धमकी, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने पर केस दर्ज – Ludhiana News
लुधियाना के साहनेवाल में अतिक्रमण हटाने गई नगर कौंसिल की टीम के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और हाथापाई करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक दंपती के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, नगर कौंसिल साहनेवाल के कार्य साधक अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 जून 2026 को कोहाड़ा रोड स्थित दुकानों के बाहर रखे सामान और अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर कौंसिल की टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा सफाई कर्मचारियों के साथ कार्रवाई कर रही थी। कार्रवाई करने पर दंपती ने किया विरोध आरोप है कि कार्रवाई के दौरान जब कर्मचारियों ने एक दुकान के बाहर रखा सामान उठाया तो दुकानदार लखविंदर सिंह ढिल्लों और उसकी पत्नी ने कर्मचारियों का विरोध किया। शिकायत में कहा गया है कि दोनों ने कर्मचारियों के साथ हाथापाई की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने अपनी दुकान को आग लगाने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना साहनेवाल पुलिस ने लखविंदर सिंह ढिल्लों और उसकी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 221, 352, 351(2) और 296 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link

