रेलवे स्टेशन के बाहर ‘जॉम्बी स्टाइल’ में 2 युवक,VIDEO: बेसुध लड़के देख लोगों ने बनाई वीडियो,लोग बोले नशे के लिए होती यहां यात्रियों से मारपीट – Ludhiana News

रेलवे स्टेशन के बाहर ‘जॉम्बी स्टाइल’ में 2 युवक,VIDEO:  बेसुध लड़के देख लोगों ने बनाई वीडियो,लोग बोले नशे के लिए होती यहां यात्रियों से मारपीट – Ludhiana News


लुधियाना में रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के सामने सड़क पर नशे से बेसुध पड़े दो युवक।

लुधियाना में जिला पुलिस भले ही नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और कड़ी कार्रवाई के दावे कर रही हो, लेकिन शहर के रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर सामने आया एक वीडियो इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। दो युवक ‘जॉम्बी स्टाइल’ में बेसुध मिले।

.

थाना डिवीजन नंबर-1 के अधीन आते इलाके में रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के सामने दो युवक कथित तौर पर नशे की हालत में बेसुध पड़े नजर आए। राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार के बाहर बने डिवाइडर पर दोनों युवक बदहवास हालत में पड़े हैं। एक युवक फिरोजी रंग की टी-शर्ट और काली पैंट पहने हुए है। वह सिर पकड़कर डिवाइडर पर लेटा दिखाई दे रहा है।

वहीं उसका साथी, जिसने काले रंग का पटका बांधा हुआ है और भूरे रंग की टी-शर्ट पहनी हुई है, डिवाइडर के सहारे बेसुध अवस्था में बैठा नजर आ रहा है। वीडियो में युवक के मुंह से थूक गिरता भी दिखाई दे रहा है।

बीच सड़क नशे में बेसुध पड़े युवक.

लोगों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की तस्वीरें चिंताजनक हैं। लोगों का कहना है कि रोजाना हजारों यात्री रेलवे स्टेशन से आते-जाते हैं, ऐसे में नशे की हालत में पड़े युवकों की मौजूदगी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े करती है।

स्टेशन के आस-पास नशा बिकने के आरोप

आस-पास के कुछ लोगों ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि रेलवे स्टेशन, लोकल अड्डे और आसपास की सड़कों पर खुलेआम नशा बिकता है। उनका आरोप है कि इसी वजह से अक्सर नशे के आदी लोग रेलवे स्टेशन के आसपास घूमते दिखाई देते हैं और कई बार राहगीरों व यात्रियों के साथ लूटपाट और मारपीट जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं।

पुलिस गश्त के बावजूद सक्रिय हैं तस्कर

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस गश्त तो नियमित रूप से होती है, लेकिन इसके बावजूद नशा तस्कर सक्रिय हैं। लोगों का आरोप है कि तस्कर पुलिस की निगरानी से बचकर अपना नेटवर्क चला रहे हैं, जिसका असर सार्वजनिक स्थानों पर साफ दिखाई दे रहा है।

क्यों कहा जाता है ‘जॉम्बी’? नशे की वजह से व्यक्ति कई बार घंटों तक अजीब मुद्रा में खड़ा रहता है, सड़क किनारे बेसुध पड़ा रहता है या उसकी गतिविधियां बहुत धीमी हो जाती हैं। इसी कारण मीडिया और सोशल मीडिया में इसे “जॉम्बी ड्रग” कहा जाने लगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *