जगराओं में नई सड़क पर फिर चला जेसीबी का पंजा: 2 महीने पहले बनी रोड खोदी, विधायक ने मौके पर रुकवाया काम – Jagraon News
जगराओं में दो महीने पहले करोड़ रुपये की लागत से बनी कच्चा मलक बाईपास रोड को शनिवार देर शाम एक निजी कंपनी के कर्मचारियों ने फिर से खोद दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक मौके पर पहुंचीं और उन्होंने काम रुकवा दिया। इस घटना से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी गुस्सा है। यह वही मुख्य बाईपास रोड है जहां दिन-रात भारी ट्रैफिक गुजरता है। इससे पहले भी इसी सड़क को एक निजी कंपनी द्वारा काम के नाम पर खोदा गया था, जिससे सड़क की हालत खराब हो गई थी और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए थे। तब रोजाना हादसे हो रहे थे। स्थानीय लोगों में गुस्सा जनता के भारी विरोध के बाद जनप्रतिनिधियों ने करीब दो करोड़ रुपये की विशेष ग्रांट जारी कर नई सड़क बनवाई थी। उस समय यह दावा किया गया था कि सड़क पांच साल से पहले दोबारा नहीं तोड़ी जाएगी और किसी भी निजी कंपनी को अपने काम पहले ही पूरे करने होंगे, ताकि नई बनी सड़क सुरक्षित रहे। लेकिन इन सभी दावों और आश्वासनों की धज्जियां उड़ाते हुए एक बार फिर उसी नई सड़क को बेरहमी से खोद दिया गया है। इस घटना से स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा फूट पड़ा है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कें इस तरह बार-बार तोड़ी जा रही हैं, जिससे सरकारी धन की खुलेआम बर्बादी हो रही है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Source link

