जालंधर में निशान साहिब के पास शराब अहातों फूटा गुस्सा: लोग सड़कों पर उतरे,जबरदस्त विरोध के बाद प्रशासन ने बंद कराईं दुकानें – Jalandhar News

जालंधर में निशान साहिब के पास शराब अहातों फूटा गुस्सा:  लोग सड़कों पर उतरे,जबरदस्त विरोध के बाद प्रशासन ने बंद कराईं दुकानें – Jalandhar News




जालंधर के मॉडल हाउस में घरों और गलियों के ठीक बाहर अवैध रूप से खुले शराब के अहातों के खिलाफ स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। इस इलाके में पवित्र ‘निशान साहिब’ के नजदीक ही लोग खुलेआम शराब पी रहे थे, जिससे वहां से गुजरने वाली महिलाओं और बच्चियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की इस गंभीर समस्या और भारी विरोध को देखते हुए आखिरकार इन अवैध अहातों और दुकानों को बंद करवा दिया गया है। स्थानीय समाज ने प्रशासन से इस पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है। मॉडल हाउस इलाके में स्थित पार्क में धार्मिक ‘निशान साहिब’ स्थापित है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि शराब माफिया और रेहड़ी-पटरी वालों ने इस पवित्र स्थान की मर्यादा का भी ख्याल नहीं रखा। लोग ठीक निशान साहिब के पास और पार्क के भीतर बैठकर सरेआम शराब पीते हैं, जिससे पूरी पवित्रता भंग हो रही है।
दुकानदारों के पास कोई पुख्ता जवाब नहीं जब इस अवैध काम को लेकर दुकानदारों और ठेकेदारों से लाइसेंस के बारे में पूछा गया, तो उनके पास कोई पुख्ता जवाब नहीं था। लोगों का आरोप है कि ये दुकानें बिना किसी वैध परमिशन या लाइसेंस के चलाई जा रही थीं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जब भी वे इन शराबियों या दुकानदारों को रोकने की कोशिश करते हैं, तो वे स्थानीय लोगों से ही लड़ने-झगड़ने पर उतारू हो जाते हैं। इस अवैध कारोबार में आर्थिक लेन-देन की बात भी सामने आई है। लोगों का कहना है कि यहां शराब पिलाने के नाम पर प्रति व्यक्ति दो-दो सौ रुपये तक वसूले जा रहे हैं। ठेकेदारों और उनके कारिंदों द्वारा सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जबकि आबकारी नियमों के मुताबिक शराब की दुकानों और अहातों का एक निश्चित समय (सुबह 9 बजे से रात 11-12 बजे तक) तय होता है, लेकिन यहां सुबह 6 बजे से ही माहौल खराब होना शुरू हो जाता था।
घरों के बाहर गुंडागर्दी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे स्थानीय निवासियों और महिलाओं के कड़े विरोध व भारी हंगामे के बाद आखिरकार कार्रवाई शुरू हुई। विरोध बढ़ता देख इन अवैध अहातों और रेहड़ियों को वहां से हटाया जाने लगा और दुकानें बंद करा दी गईं। मोहल्ले के लोगों ने साफ कर दिया है कि वे अपने घरों के बाहर इस तरह का अनैतिक माहौल और गुंडागर्दी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे और भविष्य में भी इसे दोबारा खुलने नहीं दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *