लुधियाना में गैस सप्लाई कर्मी से लूट: पंचर ऑटो का बदल रहा था टायर,बाइक सवार बदमाशों ने दात के बल पर छीनी नकदी – Ludhiana News
लुधियाना में लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गैस सप्लाई करने वाले कर्मचारियों को लुटेरे अपना शिकार बना रहे है। अब ताजा मामला नूरवाला रोड स्थित बजरंग विहार इलाके से सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले एक कर्मी से बाइक सवार दो बदमाशों ने तेजधार हथियार के बल पर 14 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। 25 वर्षों से गैस की कर रहा डिलिवरी शिकायतकर्ता द्वारका प्रसाद निवासी चोपड़ा का वेहड़ा, गली नंबर-12½, मोहल्ला नानक नगर का रहने वाला है। द्वारका प्रसाद ने पुलिस को बताया कि वह करीब 25 वर्षों से दीवान गैस सर्विस के लिए गैस सप्लाई का काम कर रहा है। 11 जून 2026 को वह कंपनी के ऑटो रिक्शा नंबर PB10BZ-7453 (लाल और सफेद रंग) में गैस सिलेंडर लोड कर बजरंग विहार, नूरवाला रोड इलाके में सप्लाई देने पहुंचा था। वहां से सप्लाई पूरी करने के बाद वह सन्यास नगर की ओर गैस सिलेंडर पहुंचाने जा रहा था। ऑटो का अगला टायर पंचर होने पर बदल रहा था पीड़ित के मुताबिक जब वह बजरंग विहार की गली नंबर-1 में पहुंचा तो उसके ऑटो का अगला टायर पंचर हो गया। वह सड़क किनारे ऑटो खड़ा कर टायर बदलने लगा। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों बदमाशों ने तेजधार हथियार दिखाकर उसे डराया-धमकाया और गैस सिलेंडरों की बिक्री से एकत्र की गई करीब 14 हजार रुपये की नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। थाना जोधेवाल की पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश जारी है।
Source link

