अमृतसर रहस्यमयी मौत मामला: एक्टिवा पर बॉडी ले जाते युवकों का सीसीटीवी-फुटेज आया सामने, परिजनों ने लगाया-हत्या का आरोप, 4-बहनों का इकलौता-भाई था – Amritsar News
अमृतसर के गुरुनानक पुरा इलाके के एक युवक की रहस्यमयी मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। इस मामले में अब एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के परिवार ने सीसीटीवी वीडियो जारी कर इंसाफ की मांग की है, वहीं पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। युवक की पहचान सौरव, उम्र 27 साल के रूप में हुई है। वह घर में अकेला कमाने वाला था और चार बहनों का इकलौता भाई था। वह अपनी मांं के साथ रहता था।मृतक के परिजनों द्वारा जारी किए गए सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर दो युवक एक बॉडी को ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। परिवार का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रहे कपड़े वही हैं, जो उनका बेटा घर से निकलते समय पहनकर गया था। परिजनों के अनुसार, युवक 27 जून को घर से निकला था, लेकिन पूरी रात और अगले दिन भी वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। जांच के दौरान पुलिस ने उन दोस्तों से पूछताछ शुरू की, जिनके साथ युवक आखिरी बार देखा गया था। परिवार का आरोप है कि पूछताछ में एक युवक ने स्वीकार किया कि मृतक की हत्या की गई है। परिजनों का कहना है कि उनके बेटे का गला घोंटकर कत्ल किया गया और बाद में बॉडी को अमृतसर के भवानी पैलेस के पास एक्टिवा पर ले जाकर फेंक दिया गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है और उन्हें जल्द से जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मृतक के परिजनों ने प्रशासन और पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि उनके बेटे के हत्यारों को कानून के अनुसार सख्त सजा दी जाए ताकि परिवार को इंसाफ मिल सके। वहीं कोट खालसा चौकी इंचार्ज हर्सनदीप सिंह ने कहा कि वीडियो में जो दिखाई दे रहा है, उसकी फिलहाल जांच की जा रही है। वीडियो की सच्चाई की पुष्टि करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य युवक अभी फरार है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Source link

