जगराओं में मूंग चोरी करते रंगेहाथ पकडे़ दो व्यक्ति: लोगों ने की पिटाई, पुलिस को सौंपा, चलती ट्राली में चढ़कर कर रहे थे चोरी – Jagraon News

जगराओं में मूंग चोरी करते रंगेहाथ पकडे़ दो व्यक्ति:  लोगों ने की पिटाई, पुलिस को सौंपा, चलती ट्राली में चढ़कर कर रहे थे चोरी – Jagraon News




लुधियाना जिले के जगराओं में शुक्रवार को शेरपुरा चौक के पास चलती ट्रॉली से मूंग चोरी करते हुए दो बाइक सवार युवकों को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। लोगों ने दोनों की पिटाई की और बाद में पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि मूंग की फसल का सीजन होने के कारण बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए एशिया की दूसरी सबसे बड़ी अनाज मंडी जगराओं आते हैं। इस दौरान कुछ चोर किसानों की ट्रॉलियों से मूंग चोरी करने की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। फसल लेकर मंडी जा रहा था किसान जानकारी के अनुसार, भिंडर कलां का एक किसान अपनी मूंग से भरी ट्रॉली लेकर मंडी जा रहा था। शेरपुरा चौक के पास ट्रॉली की रफ्तार धीमी होने पर पीछे से आ रहे दो बाइक सवार युवकों ने उसे निशाना बनाया। आरोप है कि एक युवक चलती ट्रॉली पर चढ़ गया और बोरी में मूंग भरने लगा। पीछे आ रहे कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी। जैसे ही युवक भरी हुई बोरी लेकर नीचे उतरा, लोगों ने उसे और उसके साथी को पकड़ लिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने दोनों की पिटाई कर दी। एक ने मिस्त्री, दूसरे ने बताया मजदूर लोगों द्वारा पूछताछ करने पर एक युवक ने खुद को मिस्त्री और दूसरे ने मजदूर बताया। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों ट्रॉलियों से मूंग चोरी करने के इरादे से ही आए थे। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इस मामले को लेकर किसानों और स्थानीय लोगों में काफी रोष है। लोगों का कहना है कि मूंगी के सीजन में मंडी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते, जिसका फायदा चोर उठाते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मंडी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *