अबोहर में प्रतियोगी परीक्षा में फेल होने पर दी जान: लाइब्रेरी से लौटने के बाद छात्र ने कमरे में लगाया फंदा, तीन बहनों का इकलौता भाई था – Abohar News

अबोहर में प्रतियोगी परीक्षा में फेल होने पर दी जान:  लाइब्रेरी से लौटने के बाद छात्र ने कमरे में लगाया फंदा, तीन बहनों का इकलौता भाई था – Abohar News




फाजिल्का के अबोहर के गांव सीतो गुन्नों से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक 22 वर्षीय छात्र राहुल ने मानसिक तनाव के चलते अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के कारण काफी परेशान था। राहुल तीन बहनों का इकलौता भाई था और उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। राहुल पुत्र रामकिशन ने अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद सरकारी नौकरी पाने का सपना देखा था और वह लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था। उसके चाचा कुलदीप ने बताया कि राहुल ने अभी बीते दिन ही बठिंडा में एक प्रतियोगी परीक्षा दी थी। लाइब्रेरी से लौटकर उठाया खौफनाक कदम घटना वाले दिन, दोपहर करीब 3 बजे राहुल गांव की लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद घर लौटा था। वह रोजाना की तरह आराम करने के लिए अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब उसकी बहन किसी काम से उसके कमरे में गई, तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। राहुल फंदे से झूल रहा था। बहन के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य तुरंत कमरे की तरफ भागे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें परिजनों ने आनन-फानन में राहुल को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और राहुल की सांसें थम चुकी थीं। इस दर्दनाक हादसे की सूचना तुरंत सीतो पुलिस चौकी को दी गई। मौके पर पहुंचे एएसआई लखविंद्र सिंह ने थाना बहाववाला पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद छात्र के शव को अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) में रखवाया गया। परिजनों के बयान दर्ज, जांच में जुटी पुलिस थाना बहाववाला के प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में भी यही बात सामने आई है कि राहुल पढ़ाई और करियर को लेकर अत्यधिक मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतक राहुल के पिता गांव में ही जूस की रेहड़ी लगाकर बेहद मेहनत से अपने परिवार का पेट पालते थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *