एनएमएमएस स्कॉलरशिप: सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब के सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के छात्रों के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप शैक्षणिक सत्र 2026-27 की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र छात्र 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को 1,000 प्रति माह के हिसाब से सालाना 12,000 की छात्रवृत्ति सीधे उनके बैंक खाते में दी जाती है। पंजाब में इस योजना के लिए कुल 2,210 सीटें तय हैं, जिनमें से अकेले जालंधर जिले के 170 सफल छात्र इस बार आवेदन के पात्र हैं। पात्रता और अंक संबंधी जरूरी मानदंड यह स्कॉलरशिप केवल सरकारी, सहायता प्राप्त और स्थानीय निकायों के स्कूलों के नियमित छात्रों के लिए है। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा… कक्षा 9वीं : जनवरी 2026 में एनएमएमएसएस परीक्षा पास करने वाले छात्र न्यू रजिस्ट्रेशन के जरिए आवेदन करें । कक्षा 10वीं और 12वीं : पिछली कक्षा में न्यूनतम 55% अंक अनिवार्य हैं (एससी/एसटी वर्ग को 5% की छूट)। कक्षा 11वीं : 10वीं कक्षा में न्यूनतम 60% अंक जरूरी हैं (एससी/एसटी वर्ग के लिए 55%)। कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र अपनी पुरानी आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके रिन्युअल के लिए आवेदन करेंगे। दस्तावेज और वेरिफिकेशन की समय-सीमा एससीईआरटी के निर्देशानुसार, विद्यार्थियों के पहचान पत्र (आधार कार्ड), बैंक खाते और एनएमएमएस परिणाम में दर्ज नाम व अन्य विवरण पूरी तरह समान होने चाहिए। छात्र का बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन के समय दिए गए मोबाइल नंबर को अगले 4 वर्षों तक न बदलने की सलाह दी गई है। कक्षा 9वीं व 10वीं के छात्र ‘प्री-मैट्रिक’ और 11वीं व 12वीं के छात्र ‘पोस्ट-मैट्रिक’ स्कॉलरशिप स्कीम का विकल्प चुनेंगे। ऑनलाइन आवेदन के बाद स्कूल स्तर पर वेरिफिकेशन 15 सितंबर 2026 तक और जिला स्तर पर वेरिफिकेशन 30 सितंबर तक पूरा किया जाना अनिवार्य है।
Source link

