फाजिल्का विधायक ने AAP के सुनील मैनी को बताया प्रधान: नगर कौंसिल चुनाव में पार्टी को 5 सीटें मिलने पर भी दावा, भाजपा के जीते हैं सबसे ज्यादा पार्षद – Fazilka News
पंजाब में हुए नगर कौंसिल चुनाव के नतीजे आने के बाद सरहदी जिले फाजिल्का की सियासत गरमा गई है। फाजिल्का से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक नरेंद्रपाल सिंह सवना ने चुनाव में जीत और हार दर्ज करने वाले उम्मीदवारों के साथ एक विशेष बैठक की। इसमें उन्होंने तीसरे नंबर पर आने के बाद काउंसिल में अपने प्रधान का दावा किया। गौरतलब है कि फाजिल्का शहर के कुल 25 वार्डों में से आम आदमी पार्टी को महज 5 सीटों पर संतोष करना पड़ा है, जबकि भाजपा को 11 और कांग्रेस को 9 सीटें हासिल हुई हैं। इसके बावजूद विधायक सवना का तर्क है कि कुल मतों (वोट शेयर) के लिहाज से आम आदमी पार्टी शहर में पहले नंबर पर रही है। “वार्ड 3 से जीते सुनील मैनी ही हमारे लिए प्रधान”— विधायक सवना विधायक नरेंद्रपाल सिंह सवना ने कहा कि फाजिल्का नगर कौंसिल में भले किसी भी पार्टी का स्पष्ट बोर्ड (बहुमत) नहीं बना है, लेकिन उनके लिए वार्ड नंबर 3 से चुनाव जीते ‘आप’ उम्मीदवार सुनील मैनी ही नगर कौंसिल के प्रधान हैं। उन्होंने सुनील मैनी को निर्देश दिया कि वे नगर कौंसिल जाएं, वहां का कामकाज संभालें और आम जनता के रुके हुए काम करवाना शुरू करें। मैनी पहले भी वहां इंचार्ज के तौर पर लोगों की सेवा करते रहे हैं। कांग्रेस-भाजपा की मिलीभगत का आरोप, वोटों के आंकड़े किए पेश विधायक सवना ने कहा कि “राज्य में हमारी सरकार होने के बावजूद चुनाव के दौरान कोई धक्केशाही या हिंसा नहीं की गई। आम घरों के बेटों को हमारी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया था और पूरी वोटिंग व मतगणना शांतिपूर्वक संपन्न हुई।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस अंदरखाने मिले हुए थे, जिन्होंने मिलकर यह चुनाव लड़ा ताकि आम आदमी पार्टी का बोर्ड न बन सके। वोट शेयर में बढ़त का दावा सवना ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि फाजिल्का शहर से भाजपा को 12,111 वोट और कांग्रेस को 8,590 वोट मिले, जबकि इनके मुकाबले ‘आप’ को अकेले 12,199 वोट हासिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि साल 2024 (लोकसभा चुनाव) में पार्टी को यहां 5,426 वोट पड़े थे, जिसमें इस बार 6,473 वोटों की बड़ी बढ़त हुई है, जो साबित करता है कि जनता ‘आप’ के साथ है। पूर्व विधायक घुबाया का पलटवार— “हार से बौखला गए हैं विधायक” कांग्रेस के पूर्व विधायक दविंदर सिंह घुबाया ने बताया कि फाजिल्का में आम आदमी पार्टी की बुरी तरह हार हुई है और वह तीसरे स्थान पर खिसक गई है। लोगों ने भाजपा को 11 और कांग्रेस को 9 सीटें देकर अपना जनादेश साफ कर दिया है। ‘आप’ विधायक अपनी हार बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए बौखलाहट में कांग्रेस पर मिलीभगत के झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि चुनाव में कांग्रेस की किसी भी दल के साथ कोई मिलीभगत नहीं थी। घुबाया ने तंज कसते हुए कहा कि जमीनी हकीकत यह है कि जनता ने सत्ताधारी दल को नकार दिया है और सिर्फ 5 सीटें जीतने के बाद प्रधान पद का दावा करना हास्यास्पद है। सीटों के त्रिशंकु समीकरण के बीच अब फाजिल्का नगर कौंसिल के बोर्ड गठन को लेकर राजनीतिक जोड़-तोड़ तेज होने के आसार हैं।
Source link

