पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: शादी से मना करने पर लड़की किडनैप की; डेरामुखी के ड्राइवर ने महिला का रेप, टूरिस्टों ने ड्राइवर-कंडक्टर को पीटा – Chandigarh News

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:  शादी से मना करने पर लड़की किडनैप की; डेरामुखी के ड्राइवर ने महिला का रेप, टूरिस्टों ने ड्राइवर-कंडक्टर को पीटा – Chandigarh News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर कैप्टन अमरिंदर सिंह से जुड़ी रही। हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह हमारे टच में हैं। जिससे उनके वापस कांग्रेस में आने की चर्चा शुरु हो गई है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. कैप्टन की कांग्रेस में वापसी के संकेत, हुड्डा बोले- अमरिंदर हमारे टच में

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह हमारे टच में हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और हमारे वरिष्ठ साथी हैं।

कैप्टन और हुड्‌डा अच्छे दोस्त माने जाते हैं। इस वजह से कयास लगने लगे हैं कि कहीं हुड्‌डा कैप्टन की कांग्रेस में वापसी की कोशिश तो नहीं कर रहे। कैप्टन के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा इसलिए तेज हुई कि वह लगातार कांग्रेस की तारीफ कर रहे हैं।

वहीं इस मामले में पंजाब भाजपा के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियेवाल ने कहा कि संपर्क में होना कोई बड़ी बात नहीं है। रणदीप सुरजेवाला और कुमारी सैलजा तो कहती हैं कि हुड्‌डा किसी के संपर्क में नहीं रहते। हुड्‌डा ने सिर्फ संपर्क में होने की बात कही, इसके कोई और मायने नहीं निकाले जाने चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर)

2. पांच मंदिरों को उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन चलाया

पंजाब के 5 मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसमें दुर्ग्याणा मंदिर, मुक्तेश्वर मंदिर, देवी तलाब मंदिर, माइसरखाना मंदिर, काली देवी मंदिर का नाम शामिल है। ईमेल में लिखा- दोपहर 1:11 से 3:11 बजे के बीच धमाके होंगे। 6 जून 1984 को गोल्डन टेंपल पर हुए अटैक बदला लेंगे।

इसके अलावा चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई। गुरुवार को सचिवालय के कंट्रोल रूम को एक ई-मेल मिला, जिसमें परिसर में बम होने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।

सचिवालय और मंदिरों के आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। वहीं, पुलिस और साइबर सेल की टीमें धमकी भरे ई-मेल की जांच में जुटी हैं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ई-मेल किस आईडी से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

3. मजीठिया पर दर्ज FIR सामने आई, पुलिस ने वकीलों को सौंपी

अमृतसर की जिला अदालत के आदेश के बाद आखिरकार पुलिस ने शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया और साथियों पर दर्ज FIR की कॉपी उनके वकीलों को सौंप दी। FIR के अनुसार 31 मई को सुबह लगभग 11:30 बजे थाना मजीठा में गंभीर घटना घटी। उस समय जोबनप्रीत सिंह नामक आरोपी पुलिस हिरासत में था और एएसआई हरपाल सिंह उससे पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान बिक्रम सिंह मजीठिया अपने कुछ नामजद साथियों और करीब 50 से अधिक समर्थकों के साथ अचानक थाना परिसर में पहुंच गए।

पुलिस का कहना है कि मजीठिया और उनके समर्थकों ने बिना किसी वैधानिक अनुमति के थाना परिसर में प्रवेश किया और ग्रुप बनाकर हिरासत में मौजूद आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के रोकने के बावजूद वे थाना परिसर के कमरों और कार्यालयों में प्रवेश करते रहे। इससे थाना परिसर में तनावपूर्ण माहौल पैदा हुआ। पुलिस के नियमित कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई।

ये सभी उस कमरे तक पहुंच गए जहां जोबनप्रीत सिंह से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान उनके साथ आए एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर लहराई, जिससे ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को डराने और उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। मेज पर रखी एक केस फाइल भी उठाई गई और उससे संबंधित कुछ दस्तावेज फाड़ दिए गए। इसके बाद हिरासत में मौजूद आरोपी जोबनप्रीत सिंह को छुड़ाने की कोशिश भी की गई। हालांकि एख दिन पहले हाईकोर्ट ने जोबनप्रीत की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया। (पढ़ें पूरी खबर)

4. तीन आतंकियों को 10 साल कैद, सीटी इंस्टीट्यूट के हॉस्टल से पकड़े थे

मोहाली की NIA कोर्ट ने आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद (AGH) से जुड़े तीन कश्मीरी छात्रों को 10 साल की सजा सुनाई है। दोषियों में एक आतंकी जाकिर मूसा का चचेरा भाई भी शामिल है। वहीं, इस मामले में आरोपी रहे सुहैल अहमद भट को कोर्ट पहले ही बरी कर चुकी है।

दोषी जाहिद गुलजार, यासिर रफीक भट और मोहम्मद इदरीस शाह कश्मीर के रहने वाले हैं। 1 जून को कोर्ट ने आरोपियों को दोषी करार दिया था। आज उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया, जहां सजा सुनाई गई। फिलहाल कोर्ट के आदेश की कॉपी सामने नहीं आई है। सभी दोषी इस समय जेल में बंद हैं।

कोर्ट ने उन्हें देश के खिलाफ साजिश रचने, यूएपीए, आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव एक्ट से जुड़े मामलों में दोषी पाया। इन आतंकियों को सीटी इंस्टीट्यूट जालंधर से गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया था कि उनका चंडीगढ़ आना-जाना लगा रहता था। (पढ़ें पूरी खबर)

5. केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्‌टू को एससी कमीशन ने तलब किया

पंजाब एससी कमीशन ने 2 अलग-अलग मामलों में केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू और कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग व नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा को तलब किया है। उन्हें 15 जून को अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। बिट्‌टू को आज एससी कमीशन ने तलब किया, लेकिन वह पेश नहीं हुए।

उनकी तरफ से वकील पेश हुए, जिन्होंने बिट्टू की ओर से पक्ष रखा। वहीं, बिट्टू की कमीशन के चेयरमैन से बात भी करवाई गई। बिट्टू ने अपनी व्यस्तता बताई। इसके बाद अब उन्हें 15 जून को तलब किया गया है। दूसरी तरफ कांग्रेस के दोनों नेता भी पहले दिए नोटिसों पर पेश नहीं हुए। इसके बाद आज दोबारा नोटिस जारी हुए।

निकाय चुनाव के दौरान धूरी में बिट्टू की पुलिस मुलाजिमों से बहस हो गई थी। इस दौरान आरोप है कि उन्होंने मुलाजिमों पर जातिगत टिप्पणी की। इसके बाद कई जगहों पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद एससी कमीशन ने मामले का संज्ञान लिया और संगरूर पुलिस से इस मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी। हालांकि, बिट्टू सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

6. पंजाबी टूरिस्टों ने हिमाचल में ड्राइवर और कंडक्टर को पीटा

हिमाचल प्रदेश में पंजाबी टूरिस्टों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के ड्राइवर और कंडक्टर से मारपीट कर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें टूरिस्ट गालियां देते हुए सुनवाई दे रहे हैं और कंडक्टर को थप्पड़ मार दिए।

इसी बीच वहां पुलिस पहुंच जाती, जिसके सामने भी बहस होती दिख रही है। पुलिस के अनुसार, शिमला जिले के रामपुर डिपो की HRTC बस (HP-06B-4571) रामपुर से अंबाला की ओर जा रही थी। बीते बुधवार को दोपहर करीब 4 बजे सोलन के परवाणू के टोल प्लाजा के समीप बस ड्राइवर गिरजा राम ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर के कारण गाड़ी की स्पीड को कम किया। तभी पीछे से आ रही पंजाब नंबर की कार (PB-10-DF-0774) बस से टकरा गई।

इसके बाद कार में सवार टूरिस्टों और HRTC कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पंजाब से आए पर्यटकों ने ड्राइवर-कंडक्टर के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। (पढ़ें पूरी खबर)

7. डेरामुखी के ड्राइवर ने किया महिला का रेप, शराब पीकर संबंध बनाता

पंजाब के एक बेहद रसूखदार डेरे के डेरामुखी के ड्राइवर ने लाचार व विधवा औरत के साथ हमदर्दी दिखाकर रेप कर दिया। महिला का आरोप है कि बेटे व पति की मौत के बाद वह अकेली थी। डेरामुखी के ड्राइवर ने उसके अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

महिला का कहना है कि डेरामुखी का ड्राइवर चंडीगढ़ में उसके घर आता था। उसे शादी करने का झांसा दिया। शराब पीकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। जब उसे शादी करने के लिए कहा तो साफ मुकर गया। महिला आरोपी के खिलाफ शिकायत लेकर चंडीगढ़ के अलग-अलग थानों से लेकर एसएसपी के सामने तक पेश हो गई। लेकिन उसे इंसाफ नहीं मिला। महिला ने आरोपी को पूरी तरह बेनकाब करने के लिए डिजिटल और फिजिकल सबूत जुटाए हैं।

अब वो इंसाफ की उम्मीद लेकर लुधियाना में निहंग कुलदीप सिंह खालसा के पास पहुंची। महिला का कहना है वह पंजाबी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस नीरू बाजवा और कई अन्य बड़ी फिल्मी हस्तियों के साथ छोटे-छोटे रोल फिल्मों व टीवी सीरियल में कर चुकी है। महिला का आरोप है कि डेरे के राजनीतिक और सामाजिक रसूख के कारण उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. BJP नेता के पेट्रोल पंप पर फायरिंग, जवाबी गोलियां चलीं तो भागे हमलावर

गुरदासपुर में भाजपा नेता विजय सोनी के पेट्रोल पंप पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उस समय वह पेट्रोल पंप पर मौजूद थे और हिसाब-किताब देख रहे थे। गोलियों की आवाज सुनकर वह बाहर आए और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि उनकी कार पर 2-3 गोलियां लगी हैं। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें मैसेज भेजा 2 करोड़ रुपए फिरौती मांगी और लिखा – अभी सिर्फ ये ट्रेलर है, 10 दिन बाद पूरी फिल्म दिखाएंगे।

वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जिसमें आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर बाइक पर आते हुए दिख रहे हैं। मामले में फिलहाल पुलिस का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। उन्हें पिछले कुछ समय से विदेशी नंबरों से धमकियां और कॉल आ रहे थे। (पढ़ें पूरी खबरें)

9. आंधी और बारिश का अलर्ट, हीटवेव से राहत, लेकिन गर्मी बढ़ी

पंजाब और चंडीगढ़ में आज (4 जून) से लेकर 6 जून तक बारिश और आंधी का अलर्ट ऑरेंज है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जबकि इसके बाद मौसम ड्राई रहेगा। अभी हीट वेव से राहत बनी रहेगी।

जून की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने फिर से अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबित तापमान में 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे है। फरीदकोट में सबसे अधिक तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया है।

विभाग के अनुसार, आज पंजाब में बारिश होने की संभावना है। हालांकि 5 जून से बारिश की गतिविधियां पश्चिमी क्षेत्रों से कम होने लगेंगी और धीरे-धीरे पूर्वी इलाकों की ओर शिफ्ट होंगी। इसी तरह आज-कल चंडीगढ़ के आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। यहां तेज हवाएं चल सकती हैं और मूसलाधार बारिश भी हो सकती है। सभी जिलों में तापमान 35 से 42 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके….

10. फेसबुक पर जिससे प्यार हुआ, वो गांव का लड़का निकला

लुधियाना में रह रही नाबालिग लड़की को फेसबुक पर उत्तर प्रदेश के रहने वाले नाबालिग लड़के से प्यार हो गया। दोनों में 6 महीने तक चैटिंग व फोन के जरिए बात होती रही। इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया।

लड़की ने अपने माता-पिता को बात बताई तो उन्होंने कहा कि लड़के को यहां बुलाओ ताकि उसे मिल सकें। गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड को यूपी से लुधियाना बुलाया। जब लड़का लड़की के घर पहुंचा, तो वह कोई अजनबी नहीं, बल्कि उनके अपने ही गांव का और दूर का रिश्तेदार निकला।

सामाजिक बंधनों के कारण परिवार ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद लड़के ने साजिश रची। ‌ह लड़की का मोबाइल छीनकर भागा और बाद में उसे मोबाइल लेने के लिए बुलाया। जब वह उससे मोबाइल लेने गई तो उसने लड़की को किडनैप कर लिया।

घटना के एक दिन बाद लड़की ने रोते हुए फोन पर अपने पापा को कहा- लड़के ने मुझे नाले के किनारे छोड़ दिया है, मुझे नहीं पता कहां जाना है। पुलिस ने लड़के के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और लड़की की तलाश शुरू कर दी। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *