धर्मशाला में अग्निवीर भर्ती में ठग गिरोह का पर्दाफाश: हरियाणा के दो युवक अरेस्ट, सेना की खुफिया इकाई ने दिया इनपुट – Dharamshala News




धर्मशाला में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान एक ठग गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सेना की खुफिया इकाई से मिली जानकारी के आधार पर धर्मशाला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के तार पटियाला में सामने आए फर्जीवाड़े से जुड़े बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी धर्मशाला में भर्ती प्रक्रिया के दौरान खुलेआम युवाओं को अपने विजिटिंग कार्ड बांट रहे थे। 9 कोर मुख्यालय की आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट ने इस संदिग्ध गतिविधि को भांपते हुए धर्मशाला पुलिस के साथ इनपुट साझा किया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। करनाल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन निवासी गांव पिछोलिया, डाकघर जुंडला, तहसील व जिला करनाल (हरियाणा) और शुभम निवासी गांव अपराणा, डाकघर मुनक, तहसील व जिला करनाल (हरियाणा) के रूप में हुई है। गौरतलब है कि पटियाला के सिविल लाइंस थाना पुलिस ने भी एएसआई दीपक शर्मा की अगुवाई में चेकिंग के दौरान ऐसे ही एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया था। पटियाला में आरोपी हरियाणा नंबर की हुंडई क्रेटा कार व अन्य गाड़ियों में आकर अभ्यर्थियों को झांसा देते थे। वे विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों को निशाना बनाते थे जो भर्ती प्रक्रिया में असफल हो जाते थे। पटियाला मे भी पकड़े जा चुके दो लोग पटियाला पुलिस ने तब संजीव कुमार और विशाल कुमार दोनों निवासी गांव बुड्ढाणपुर, करनाल तथा उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) व 61(2) के तहत FIR दर्ज की थी। यह गिरोह भर्ती प्रक्रिया के दौरान फिजिकल टेस्ट में फेल होने वाले या मेडिकल टेस्ट में अनफिट/रिजेक्ट होने वाले सीधे-साधे युवाओं को अपना निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य अपनी ऊंची पहुंच का दावा कर अनफिट युवाओं को पास करवाने का झांसा देते थे और इसके बदले उनसे मोटी रकम ऐंठकर ठगी को अंजाम देते थे। वहीं पुलिस का कहना है कि, सेना भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी, स्वचालित और योग्यता पर आधारित है। किसी भी फर्जी एजेंट, बिचौलिए या कार्ड बांटने वाले व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि कोई आपसे पैसे लेकर भर्ती कराने का दावा करे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या भर्ती अधिकारियों को सूचित करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *