लाहड़ी गांव में फायरिंग मामला; शिवसेना नेता की साजिश: अतिरिक्त सुरक्षा पाने को खुद की वारदात, खतरा दिखाने के लिए पड़ोसी किसान के घर की थी फायरिंग – Pathankot News
खुद को शिवसेना नेता बताकर सरकारी गनमैन की सुरक्षा का लुत्फ उठा रहे एक शख्स की घटिया करतूत का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गनमैन सुरक्षा वापस न छिन जाए और स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मद्देनजर अतिरिक्त सिक्योरिटी मिल जाए, इस लालच में उसने गांव लाहड़ी 318 में किसान गुरप्रीत सिंह के घर पर रात के वक्त फायरिंग की थी। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो हमलावर कोई और नहीं बल्कि खुद को शिवसेना नेता बताने वाला चमन लाल ही निकला। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है। सुरक्षा गंवाने का डर और अतिरिक्त गनमैन पाने की भूख में रची साजिश पुलिस जांच में सामने आया कि गांव लाहड़ी 318 का ही रहने वाला आरोपी चमन लाल खुद को शिवसेना का नेता बताता है। उसने खुद की जान को खतरा बताकर काफी समय से पंजाब पुलिस का एक गनमैन ले रखा था।
हाल ही में उसे शक हुआ कि पुलिस प्रशासन उससे गनमैन वापस ले सकता है। वहीं, स्वतंत्रता दिवस नजदीक होने के कारण उसने सोचा कि अगर इलाके में कोई बड़ी वारदात या उस पर खतरे का नाटक हो जाए, तो पुलिस उसे अतिरिक्त गनमैन दे देगी। इसी सुरक्षा बढ़ाने के चक्कर में उसने बुजुर्ग किसान गुरदीप सिंह के घर को निशाना बनाकर खुद ही फायरिंग की खौफनाक साजिश रच डाली। लॉबी में खाना खा रहा था परिवार, अचानक शीशा टूटने की आवाज से फैली दहशत पीड़ित बुजुर्ग किसान गुरदीप सिंह के बेटे गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने सदर थाने में पुलिस को दिए बयानों में पूरी आपबीती सुनाई। गुरप्रीत ने बताया कि रात के वक्त वह अपने पूरे परिवार के साथ घर की लॉबी में बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान अचानक घर के अंदर जोरदार फायर होने और खिड़की का शीशा टूटने की खौफनाक आवाज आई। आवाज सुनते ही जब वह भागकर बाहर देखने गया, तो उसने देखा कि हाथ में पिस्टल लिए एक अज्ञात व्यक्ति उसे देखकर गली के रास्ते खेतों की ओर भाग गया। CCTV फुटेज खंगाले तो उड़े उड़ गए होश, पुलिस ने भेजा जेल वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। फुटेज में खुद चमन लाल ही वारदात को अंजाम देता नजर आया। पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी चमन लाल को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। घरोटा पुलिस चौकी के इंचार्ज वरिंद्र मान ने बताया कि किसान परिवार के बयानों और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर सदर थाने में आरोपी चमन लाल के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से माननीय अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। 74 साल की उम्र में कभी किसी से तू-तू मैं-मैं तक नहीं हुई परिवार के 74 वर्षीय बुजुर्ग पिता ने बताया कि उनकी पूरे इलाके में किसी के साथ कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं है। कहा कि 74 साल की उम्र हो गई है, मैंने आज तक कभी किसी के साथ तू-तू मैं-मैं तक नहीं की और न ही आज तक पुलिस में हमारी कोई रिपोर्ट गई है। रात को जब गोली चली तो बच्चे रोते हुए आए। जब हमने देखा तो शीशा टूटा हुआ था और गोली का खोल अंदर पड़ा था। हमने तुरंत प्रशासन को सूचित किया और पुलिस टीमों ने आकर जांच शुरू की। हमारी प्रशासन से यही गुहार है कि पूरी निष्पक्ष जांच की जाए और हमें बताया जाए कि हमारे साथ ऐसा क्यों किया गया।
Source link

