एनडीपीएस एक्ट के तहत 1,440 तस्कर गिरफ्तार – Jalandhar News
.
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने पिछले 7 महीनों के दौरान अपराधियों और नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आक्रामक अभियान चलाया है। डीजीपी गौरव यादव और पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह के निर्देशों पर काम करते हुए जिला पुलिस ने केवल व्यक्तिगत अपराधियों को पकड़ने के बजाय उनके अवैध वित्तीय स्रोतों, हथियारों की आपूर्ति, लॉजिस्टिक्स और सहयोगी तंत्र पर सीधा प्रहार किया है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य संगठित अपराध और नशीले पदार्थों के कारोबार को पूरी तरह से निष्प्रभावी बनाना है। पुलिस की इस योजनाबद्ध कार्रवाई का स्पष्ट उद्देश्य अपराधियों के संसाधनों और नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करना है।
एनडीपीएस एक्ट के मामले में सख्ती एनडीपीएस एक्ट के तहत 1,201 मामले दर्ज कर 1,440 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करों के कब्जे से 16.810 किलो हेरोइन, 119 ग्राम आइस, 9.274 किलो अफीम, 24.624 किलो गांजा, 33.750 किलो भुक्की, 20 ग्राम कोकीन, 15.200 किलो चरस और 3,130 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा 11,17,900 रुपए की ड्रग मनी और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए गए।
अपराध की रोकथाम के लिए 45 इमरजेंसी रिस्पांस वाहनों और 14 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग यूनिटों में 209 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर स्थायी रात्रि नाकेबंदी के साथ-साथ पंजाब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सीसीटीवी नेटवर्क और डिजिटल फोरेंसिक लैब का उपयोग किया जा रहा है। डिजिटल साक्ष्यों और रियल-टाइम वाहन डेटाबेस से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

