फरीदकोट में किसानों का रेल रोको आंदोलन स्थगित: स्पीकर संधवां और प्रशासन से बैठक के बाद फैसला; मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा मोर्चा – Faridkot News




फरीदकोट में मार्केट कमेटी कोटकपूरा कार्यालय में शनिवार शाम भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के नेताओं की विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक के बाद किसान संगठन ने रेल रोको आंदोलन को सोमवार तक स्थगित करने का ऐलान किया। बैठक में किसानों की अगुवाई संगठन के प्रदेश महासचिव काका सिंह कोटड़ा ने की, जबकि प्रशासन की ओर से डिप्टी कमिश्नर,एसएसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। किसान संगठन की ओर से किसानों की कर्ज माफी, शंभू-खनौरी बॉर्डर पर किसानों के हुए नुकसान की भरपाई, लैंड मॉर्गेज बैंक द्वारा खाली चेकों के दुरुपयोग और गांव हरीनौ के दो किसान भाईयों द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में उनके परिवारों की सहायता सहित अन्य मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है। इसी के तहत 5 अगस्त से गांव संधवां में विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के घर के बाहर पक्का मोर्चा भी जारी है। किसान संगठन ने शनिवार बाद दोपहर रेलवे ट्रैक जाम करने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद प्रशासन ने स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के साथ किसानों की बैठक तय करवाई। मांगें पूरी नहीं होने तक मोर्चा रहेगा जारी बैठक के बाद किसान नेता काका सिंह कोटड़ा ने कहा कि संगठन का फैसला है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, संधवां में मोर्चा और 12 जिलों में बैंकों के सामने चल रहे धरने जारी रहेंगे। फिलहाल रेल रोको आंदोलन को सोमवार तक स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सोमवार तक मांगों संबंधी नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया तो संगठन संघर्ष को और तेज करने के लिए मजबूर होगा। किसानों के साथ बातचीत बहुत अच्छे माहौल में हुई: संधवां विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि किसानों के साथ बातचीत बहुत अच्छे माहौल में हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों के समाधान के लिए सरकार के स्तर पर जल्द से जल्द प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव हरिनौ में आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों की पहले भी मदद की गई है और भविष्य में भी यह सहायता जारी रखी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *