लुधियाना सिविल अस्पताल की पार्किंग में नशे में मिला युवक: BJP नेता ने वीडियो जारी कर मान सरकार को घेरा; SMO ने दिए जांच के आदेश – Ludhiana News
लुधियाना के सिविल अस्पताल से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासन के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिविल अस्पताल की पार्किंग में दिनदहाड़े एक युवक के नशा (टीका) लगाकर बेहोश होने का वीडियो सामने आया है। इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है इस मामले को लेकर लुधियाना सेंट्रल हलके से भाजपा नेता देबी ने कड़ा संज्ञान लिया। वे खुद सिविल अस्पताल पहुंचे और मीडिया को अपने मोबाइल पर वह वीडियो दिखाया जिसमें एक युवक अस्पताल परिसर के अंदर नशे की हालत में बेसुध पड़ा है और उसके पास सिरिंज (टीके) पड़े हैं। भाजपा नेता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा नशा मुक्त पंजाब के दावों की पोल खुली। देबी ने कहा कि सीएम भगवंत मान रोजाना नशा मुक्त पंजाब की मुहिम चलाने का दावा करते हैं लेकिन असलियत यह है कि अस्पताल जैसी जगहों पर भी सरेआम नशा हो रहा है। युवाओं की जा रही है जान: भाजपा नेता ने कहा कि सरकार के झूठे प्रचार के कारण पंजाब की जवानी बर्बाद हो रही है और रोजाना बच्चे नशे की ओवरडोज से मर रहे हैं। विधायकों पर लगाया आरोप: भाजपा नेता ने स्थानीय AAP विधायकों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके राज में नशा सरेआम बिक रहा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार से पंजाब नहीं संभल रहा है और वे युवाओं को नशे से नहीं बचा सकते,तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। SMO डॉ. रोहित रामपाल ने दी सफाई, दिए सीसीटीवी जांच के आदेश इस पूरे विवाद के बाद लुधियाना सिविल अस्पताल के एसएमओ (SMO) डॉ. रोहित रामपाल ने भी कैमरे के सामने आकर अपना पक्ष रखा और मामले की जानकारी दी। डॉ. रामपाल ने माना कि भाजपा नेता द्वारा यह वीडियो उनके संज्ञान में लाया गया। सूचना मिलते ही वह तुरंत अपने सिक्योरिटी सुपरवाइजर के साथ उस पार्किंग एरिया में गए, लेकिन तब तक वह युवक वहां से जा चुका था। सीसीटीवी खंगालने के निर्देश: डॉ. रामपाल ने कहा कि पार्किंग एरिया पूरी तरह से खुला है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। प्रशासन अब फुटेज की जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह युवक कितने बजे आया था और किधर से गया। एसएमओ ने स्पष्ट किया कि वे इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएंगे ताकि युवक की पहचान हो सके। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका मकसद उस युवक पर कोई दंडात्मक कार्रवाई करवाना नहीं है बल्कि उसे ढूंढकर किसी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाना है ताकि उसका सही इलाज हो सके। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एसएमओ ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर को सख्त हिदायत दी है कि पार्किंग एरिया में एक गार्ड की पक्की ड्यूटी लगाई जाए।
Source link

