जालंधर के सरकारी स्कूल के गेट से छात्रा लापता: 12 वर्षीय छात्रा सोनी कुमारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज – Jalandhar News
जालंधर के व्यस्त क्षेत्र मेन रैणक बाजार में स्थित सरकारी हाई स्मार्ट स्कूल के बाहर से 5वीं कक्षा की एक 12 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई है। यह घटना तब हुई जब बच्ची अपने अन्य साथियों के साथ स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह स्कूल के अंदर प्रवेश नहीं कर सकी। बच्ची के अचानक गायब होने से पूरे इलाके और स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। घर से स्कूल के लिए निकले थे 4 बच्चे
मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित बच्ची की मां पूजा देवी ने बताया कि रोज की तरह उनके मोहल्ले से बच्चे स्कूल के लिए रवाना हुए थे। अली मोहल्ले से कुल 4 बच्चे एक साथ घर से स्कूल के लिए निकले थे। इनमें से 3 बच्चे तो सुरक्षित तरीके से स्कूल की बिल्डिंग के अंदर चले गए, लेकिन उनकी 12 वर्षीय बेटी सोनी कुमारी अचानक रास्ते से ही गायब हो गई। जब काफी देर तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
स्कूल प्रशासन का बयान
परेशान परिजनों ने तुरंत स्कूल पहुंचकर वहां के स्टाफ और प्रशासन से बच्ची के बारे में पूछताछ की। इस पर स्कूल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्ची आज स्कूल पहुंची ही नहीं थी। हाजिरी के दौरान भी वह अनुपस्थित पाई गई। स्कूल प्रबंधन के इस जवाब के बाद परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत इस पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध गतिविधि
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई (ASI) राजकुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच और मिली जानकारी के अनुसार, अली मोहल्ले से चार बच्चे स्कूल आ रहे थे। इस दौरान 3 बच्चे स्कूल के मुख्य गेट के अंदर चले गए, जबकि 5वीं कक्षा की छात्रा सोनी कुमारी गेट के अंदर दाखिल नहीं हुई। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि बच्ची स्कूल के गेट के पास से ही अचानक पीछे की तरफ मुड़ गई। पुलिस कर रही है मामले की जांच
एएसआई राजकुमार के मुताबिक, पुलिस ने पीड़ित बच्ची की मां पूजा देवी के बयान दर्ज कर लिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब स्कूल के आसपास और रैणक बाजार के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से चैक कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गेट से पीछे मुड़ने के बाद बच्ची किस दिशा में और किसके साथ गई। पुलिस प्रशासन और पीड़ित परिवार दोनों के बयानों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Source link

