गुजरात में शेर का किसान पर हमला, VIDEO: पैर में काटा, हाथ जबड़े में आधे घंटे पकड़े रहा, फिर छोड़ा;पहले एक और व्यक्ति पर भी हमले की कोशिश की
- Hindi News
- National
- Gujarat Lion Attack | Farmer Injured In Bhavnagar; Animal Attack Video Viral
भावनगर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गुजरात के भावनगर जिले के पालीताना तालुका में 6 जुलाई की सुबह शेर ने किसान पर हमला कर दियाा। हमले में किसान घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पालीताना सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे भावनगर ले जाया गया। घटना गर्जिया गांव में सुबह 10:30 बजे की है। हमले का लाइव वीडियो वायरल है। शेर ने इसके पहले एक और व्यक्ति पर हमले की कोशिश की लेकिन उसने भाग कर खुद को घर में बंद कर लिया।
घायल किसान बोला- शेर ने मुझे करीब आधे घंटे तक पकड़े रखा
शेर के हमले में घायल किसान कालूभाई बोगभाई परमार ने बताया कि मैं सुबह 10:30 बजे अपनी गाय को चारा खिलाने जा रहा था। तभी झाड़ियों में बैठे शेर ने अचानक मुझ पर हमला कर दिया। पहले उसने मेरी पीठ पर वार किया और मुझे गिरा दिया, फिर उसने मेरा हाथ अपने मुंह में पकड़ लिया। उसने मुझे करीब आधे घंटे तक पकड़े रखा।
मैंने अपनी रक्षा के लिए शेर को खरोंचा, जिससे उसने मेरा हाथ छोड़ दिया। मैं तुरंत वहां से भागा। इसके बाद शेर मेरी गाय के पीछे चला गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि शेर जमीन पर बैठा है और आदमी को दबाए हुए है। शेर ने आदमी के पैर पर काट लिया। आदमी अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है और शेर को भी हिला रहा है। लोगों ने शेर पर पत्थर फेंके। आदमी के शरीर के कुछ हिस्सों पर चोटों के कारण खून बह रहा है। आसपास के लोग उसे बचाने के लिए चिल्ला रहे हैं।
घटना के वीडियो फुटैज:

शेर की पकड़ से निकलने की कोशिश करता किसान।

आसपास के लोगों ने शेर की पकड़ से किसान को बचाने के लिए उसकी ओर पत्थर फेंके।

शेर के हमले के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया।

घायल किसान के शरीर से काफी खून बह रहा था।

पालीताना के स्थानीय अस्पताल में घायल किसान का इलाज किया गया।
पहले एक और व्यक्ति पर हमला करने की कोशिश की
शेर का सामना करने वाले हेमूभाई गढ़वी ने बताया, “मैं सुबह दूध लेकर आया था, सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच का समय था। उस घर में सब लोग चिल्लाने लगे कि भाई, शेर हमारी बाड़ में घुस आया है। तो मैं दौड़कर वहां गया। जब मैंने अपनी भैंस को छोड़ा, तो शेर सीधे मेरी ओर दौड़ा, तो मैं जान बचाने भागा और पास में अपने भाई के घर में घुस गया और दरवाजा बंद कर लिया। मेरी भैंस भी भागी लेकिन वहीं गिर गई। इससे शेर का ध्यान मेरी ओर से हट गया और मैं और मेरी मां दोनों बच गए।”
उसके बाद शेर वहां से भाग गया। कुछ देर बाद कालूभाई मेरे घर आए तो शेर ने उन पर हमला कर दिया।
गाव में दहशत, शेर को पकड़ने की कोशिश जारी
गरजिया गांव की सरपंच के पति सावजीभाई ने बताया कि उन्होंने इस घटना की सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम डेढ़ घंटे में मौके पर पहुंच गई। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में आतंक मचा रहे शेर को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद गरजिया गांव और आसपास के इलाकों के पशुपालकों में अपने पशुओं और परिवार की सुरक्षा को लेकर काफी चिंता और दहशत का माहौल है।
पालीताना तालुका पंचायत सदस्य चेतन डाभी ने कहा, हमने वन विभाग से अनुरोध किया है कि यहां के शेरों को यहां से सुरक्षित रूप से जंगल में स्थानांतरित किया जाए। गांव में सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण हमने वन विभाग को कई बार सूचित किया है, लेकिन फिर भी वन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।
—————————————–
ये खबर भी पढ़ें:
गुजरात में 12 शेर, MP में 10 बाघों की मौत:इनके CDV वायरस से मरने का दावा, वन-विभाग ने अब तक रिपोर्ट नहीं की जारी

एशियाटिक लायंस के लिए फेमस गुजरात के पूर्वी और पश्चिमी गिर फॉरेस्ट में 12 शेरों की मौत का मामला केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। वन विभाग ने 30 से अधिक शेरों को एनीमल केयर सेंटर में रखा है। हालांकि, शेरों की लेबोरेटरी रिपोर्ट अभी तक जारी नहीं की गई है। पढ़ें पूरी खबर…


