पठानकोट में ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो:बधानी में श्री साईं कॉलेज के पास हादसा, अमृतसर के 6 युवक गंभीर, कार से मिलीं शराब की बोतलें
पठानकोट-डलहौजी राष्ट्रीय राजमार्ग (154-A) पर स्थित बधानी में श्री साईं डिप्लोमा कॉलेज के पास शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बुंगल से धारकलां की ओर जा रही एक तेज रफ्तार महिंद्रा स्कॉर्पियो कार (PB 06 BL 5555) सामने से आ रहे ट्रक (HP 73 B 1058) से सीधी टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार अमृतसर के 6 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल अमृतसर के रहने वाले हैं और सभी की उम्र 23 से 28 साल के बीच है। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, हादसे के बाद SSF टीम ने क्रेन के जरिए क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया। थाना धार कलां पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कानूनी जांच शुरू कर दी है। ERS ऐप से मिली सूचना, 10 मिनट में पहुंची SSF एसएसएफ टीम के मुताबिक सुबह करीब 5:30 बजे ERS ऐप पर हादसे की सूचना मिलते ही रोड सेफ्टी फोर्स के सिपाही अंकुर शर्मा और रजत कुमार तुरंत हरकत में आए। महज 10 मिनट के भीतर SSF टीम मौके पर पहुंच गई।
एसएसएफ ने कार के अंदर लहूलुहान हालत में फंसे 6 युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। SSF जवानों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर तुरंत नजदीकी सीएचसी बधानी पहुंचाया। वहां से नाजुक हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल पठानकोट और फिर मामून स्थित अमनदीप अस्पताल रेफर कर दिया गया। गाड़ी की तलाशी में मिलीं शराब की बोतलें और कीमती सामान हादसे के बाद जब क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो कार को क्रेन से हटवाने के लिए तलाशी ली गई, तो गाड़ी के अंदर से 2 शराब की बोतलें, एक महंगी लग्जरी घड़ी, ₹220 कैश, कीमती सामान से भरा बैग और एक महंगा स्मार्टफोन बरामद हुआ। SSF टीम ने यह सारा सामान सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर घायलों के परिजनों को सौंप दिया है। सभी युवक अमृसर के रहने वाले एसएसएफ के अंकुर शर्मा ने बताया कि हादसे में घायल हुए युवक अमृतसर के रहने वाले हैं और सभी की उम्र 23 से 28 साल के बीच है। घायलों की पहचान राज अभय सिंह (23 वर्ष, निवासी अमृतसर), वंश (24 वर्ष, निवासी मजीठा, अमृतसर), कर्णवीर सिंह (25 वर्ष, पुत्र ओंकार सिंह, निवासी अमृतसर), राजबीर सिंह (पुत्र रघुबीर सिंह, निवासी वेरका, अमृतसर), गुरप्रीत सिंह (पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी अमृतसर), प्रदीप सिंह (पुत्र प्रताप सिंह, निवासी वेरका, अमृतसर) के तौर पर हुई है। जबकि, ट्रक चालक वीर सिंह पुत्र दीवान चंद, निवासी चंबा, हिमाचल प्रदेश भी हादसे में घायल है।
Source link

