तरनतारन में पुरानी रंजिश ने ली जान: एलईडी चोरी के शक में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, 11 लोगों पर केस – tarn-taran News




तरनतारन जिले के भिखीविंड क्षेत्र के गांव कलसियां कलां में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में एक महिला समेत पांच नामजद और छह अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में रणजीत सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी कलसियां कलां ने बताया कि उनके पड़ोसी के घर से कुछ दिन पहले एक एलईडी टीवी चोरी हो गया था। पड़ोसी इस चोरी के लिए उनके भाई गुरजीत सिंह को जिम्मेदार मानता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। शिकायत के अनुसार, 7 अगस्त को उनके पिता बलविंदर सिंह घर के आंगन में बैठे हुए थे। इसी दौरान रेशम सिंह ने कथित तौर पर पत्थर से उनके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी डंडों और अन्य वस्तुओं से हमला किया। हमले में बलविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। पुलिस मामले की जांच में जुटी आरोप है कि हमलावरों ने घर पर ईंट-पत्थर भी फेंके और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की। परिजनों द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल बलविंदर सिंह को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भिखीविंड थाना पुलिस ने रूप सिंह, सजन सिंह, रेशम सिंह, लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा, राजबीर कौर सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *