कवि पाश-हंस राज स्मारक परिसर के ताले टूटे, सोसायटी ने जताया विरोध – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर तर्कशील सोसायटी पंजाब की सूबा कमेटी ने क्रांतिकारी कवि पाश और उनके साथी हंस राज की स्मृति में उनके पैतृक गांव तलवंडी सलेम में बने पाश-हंस राज स्मारक परिसर के दरवाजे और ताले तोड़े जाने का विरोध किया। संगठन ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। सूबा कमेटी के नेताओं मास्टर राजिंदर भदौड़, सुखविंदर बागपुर, सुरजीत टिब्बा, जसविंदर फगवाड़ा, सुमीत अमृतसर और जोगिंदर कुल्लेवाल ने कहा कि सरपंच परदीप सिंह और उनके समर्थकों पर शासकीय संरक्षण में परिसर के ताले तोड़ने, झूले लगाने और इस ऐतिहासिक शहीदी स्मारक की बेअदबी करने के आरोप हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्मारक पर कथित तौर पर कब्जा करने की कोशिश की गई, जिसे पाश स्मारक अंतरराष्ट्रीय ट्रस्ट और जनतांत्रिक संगठनों ने अस्वीकार्य बताया। जालंधर जोन के नेता सुखदेव फगवाड़ा और विजय राही के अनुसार, इस मुद्दे पर पंजाब स्तर के संघर्ष की रणनीति बनाने के लिए रविवार को देश भगत स्मारक हाल में बैठक बुलाई गई है, जिसमें तर्कशील सोसायटी पंजाब के सूबा कमेटी नेता शामिल होंगे।
Source link

