मानसा धोखाधड़ी में महिला सुसाइड केस: सड़क पर उतरे किसान: थाने के सामने पक्का मोर्चा, जमीन बेचकर लगाई थी रकम, पर्टनर ने हड़पे – Mansa News




मानसा जिले के गांव बुर्ज झब्बर में स्कूल की हिस्सेदारी में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी और जमीन गंवाने से परेशान होकर एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में रोष बढ़ता जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से खफा पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने थाना जोगा के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर आरोपियों के साथ मिलीभगत करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि घटना को आठ दिन बीत जाने के बाद भी जब तक नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक मृतका का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मामले को लेकर गठित नौ सदस्यीय संघर्ष समिति ने थाना जोगा के सामने बाकायदा टेंट लगाकर स्थायी मोर्चा खोल दिया है। इस विरोध प्रदर्शन में विभिन्न किसान संगठनों, मजदूर मुक्ति मोर्चा (आजाद) के प्रतिनिधियों सहित भारी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए हैं। जमीन बेचककर लगाई थी रकम, पार्टनर और उसकी पत्नी की धोखाड़ी धरने को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के नेता बेअंत सिंह ने बताया कि पीड़ित लख्खा सिंह ने एक स्कूल में हिस्सेदारी (पार्टनरशिप) लेने के लिए अपनी जमीन बेचकर मोटी रकम लगाई थी। आरोप है कि हिस्सेदार जगतार सिंह और उसकी पत्नी ने इस राशि में भारी हेराफेरी की। इस कथित करोड़ों रुपये की ठगी और अपनी जमीन हाथ से निकल जाने के सदमे को लख्खा सिंह की पत्नी किरणजीत कौर बर्दाश्त नहीं कर सकीं। दो बच्चों की मां किरणजीत कौर ने मानसिक रूप से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। कॉल डिटेल खंगालने की मांग, पुलिस पर ढिलाई के आरोप संघर्ष समिति के नेता बेअंत सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार करने में ढील बरत रही है। उन्होंने कहा कि मामले पर पर्दा डालने के लिए कई तरह की झूठी कहानियां गढ़ी जा रही हैं। सच को सामने लाने के लिए उन्होंने मांग की कि दोनों पक्षों के मोबाइल फोन की गहनता से जांच (कॉल डिटेल्स और चैट्स) की जाए, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। आरोपी फरार, जल्द होंगे सलाखों के पीछे: डीएसपी गिल इस पूरे मामले और चल रहे धरने के संबंध में डीएसपी हरजिंदर सिंह गिल ने पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि कार्रवाई में किसी भी प्रकार की कोताही या ढिलाई नहीं बरती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी फिलहाल अपने ठिकानों से फरार हैं। डीएसपी गिल ने आश्वासन दिया कि पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *