फाजिल्का के जलालाबाद में कूड़े से तंग आया शख्स: खंभों और दीवारों पर चिपकाए गालियों वाले पोस्टर, लोग हैरान – Fazilka News
फाजिल्का जिले के जलालाबाद शहर में रामलीला चौक के निकट एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां बिजली के खंभों और दीवारों पर गालियां लिखे पोस्टर चिपके मिलने से लोगों में हैरानी और चर्चा का माहौल है। बताया जा रहा है कि चौक में लंबे समय से कूड़ा फेंके जाने की समस्या से परेशान किसी अज्ञात व्यक्ति ने लोगों को चेतावनी देने के लिए ये पोस्टर लगाए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, चौक में लगातार कूड़ा फेंका जाता है, जिससे गंदगी फैलती रहती है। कई बार लोगों को समझाने और सफाई करवाने के बावजूद स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं हुआ। हाल ही में चौक की सफाई भी करवाई गई थी, लेकिन दोबारा कूड़ा जमा होने से परेशान होकर किसी ने आपत्तिजनक भाषा वाले पोस्टर लगा दिए। चौक के पास जूस की रेहड़ी लगाने वाले एक दुकानदार ने बताया कि एक ग्राहक अपने बच्चों के साथ वहां आया था। बच्चे की नजर पोस्टर पर पड़ी और उसने उसे पढ़कर सुनाया, जिसके बाद लोगों का ध्यान इस ओर गया। पोस्टरों पर लिखी भाषा देखकर लोग हैरान रह गए। लोग बोले- प्रशासन को कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्ती करनी चाहिए स्थानीय निवासी सोनू महंत ने कहा कि पोस्टरों में इस्तेमाल की गई शब्दावली बेहद आपत्तिजनक है और इसे पढ़ने में भी शर्म महसूस होती है। वहीं, चौक में इंस्टीट्यूट चलाने वाले दिवांश कुमार ने कहा कि गंदगी की समस्या वास्तविक है, लेकिन उसका समाधान गालियां लिखकर नहीं किया जा सकता। लोगों का कहना है कि प्रशासन को कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्ती करनी चाहिए और नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक होना चाहिए। फिलहाल पोस्टर लगाने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है और मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
Source link

