सुजानपुर-भड़ोली में रेलवे ओवरब्रिज व अंडरपास को मंजूरी: ₹60.48 करोड़ का खाका तैयार, एक टेंडर जारी, केंद्र सरकार करेगी 100% खर्च – Pathankot News




पठानकोट और सुजानपुर के निवासियों को लंबे समय से लग रहे ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने जा रही है। रेलवे विभाग ने पठानकोट-सुजानपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और भड़ोली में रेलवे अंडरपास (RUB) के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। इस विकास परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इन पर आने वाला 100 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे पंजाब सरकार पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना के संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू ने बताया कि पठानकोट-सुजानपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले ओवरब्रिज पर लगभग 52 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत आएगी। वहीं, भड़ोली में बनने वाले रेलवे अंडरपास के निर्माण पर 8 करोड़ 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि भड़ोली ओवरब्रिज का टेंडर पहले ही हो चुका है, जबकि पठानकोट-सुजानपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले ओवरब्रिज का टेंडर भी जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। जाम और आपातकालीन सेवाओं की दिक्कतों से मिलेगी मुक्ति यह परियोजना स्थानीय लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। पठानकोट-सुजानपुर रेलवे क्रॉसिंग और भड़ोली फाटक बंद होने के कारण इस मार्ग पर रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम लगता था। इसके चलते न केवल आम जनता बल्कि आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एंबुलेंस और गंभीर मरीजों को भी घंटों इंतजार करना पड़ता था। इन ओवरब्रिज और अंडरपास के निर्माण से यह समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी। अब फंड की कमी से नहीं अटकेंगे काम: दिनेश सिंह बब्बू पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए दिनेश सिंह बब्बू ने स्पष्ट किया कि पहले के नियमों के अनुसार ऐसे पुलों के निर्माण में 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार को देनी होती थी। केंद्र सरकार तो अपना हिस्सा समय पर जारी कर देती थी, लेकिन पंजाब सरकार द्वारा अपने हिस्से की राशि न देने के कारण कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं वर्षों तक लटकी रहती थीं। इसी को देखते हुए अब केंद्र सरकार ने इन दोनों प्रोजेक्ट्स की पूरी लागत खुद वहन करने का फैसला किया है। उन्होंने इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय पठानकोट के विधायक अश्वनी शर्मा और पूर्व रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू के विशेष प्रयासों को दिया, जिनकी पैरवी के कारण यह मंजूरी संभव हो सकी है। इस मौके पर रहे उपस्थित: इस घोषणा के दौरान जिला महासचिव राजकुमार गुप्ता, एससी मोर्चा अध्यक्ष दर्शन कुमार, मंडल अध्यक्ष रूप लाल, पार्षद सुरेश महाजन बॉबी, राकेश मेहरा, नीलम हंस, सुनील सिंह हैप्पी, डॉ. अविनाश डोगरा, डॉ. अमित कुमार और द्वारका दास सहित क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और भाजपा नेता उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *