लुधियाना में नशे की विवाद के बाद युवक की हत्या: ईंट से पीटकर मारा, बेडशीट में लपेटा, कंधे पर 1 किमी ले गया शव; हत्यारा गिरफ्तार – Ludhiana News




लुधियाना के पांच दिन पहले बेडशीट में लिपटा मिला 24 वर्षीय युवक का शव मिलने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में टिब्बा रोड स्थित मस्जिद वाली गली निवासी 24 वर्षीय हर्ष कुमार को गिरफ्तार किया है। हालांकि, हत्या का शिकार हुए युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने नशे की हालत में हुए विवाद के बाद युवक की ईंट से पीटकर हत्या कर दी थी। बुड्डा दरिया में शव फेंकने की थी योजना
एसीपी इंडस्ट्रियल एरिया-ए इंदरजीत सिंह बोपाराय के मुताबिक, आरोपी ने 5 अगस्त को शव को बेडशीट में लपेटा और उसे अपने कंधों पर करीब एक किलोमीटर तक लेकर गया। उसका इरादा शव को बुड्डा दरिया में फेंकने का था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शव को टिब्बा के न्यू शक्ति नगर इलाके में लेकर गया था। वहां से शव को दोबारा उठाने में नाकाम रहने के बाद वह मौके से फरार हो गया और शव गली में ही पड़ा रह गया। अगले दिन दर्ज हुई थी एफआईआर
शव मिलने के बाद टिब्बा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 और 238 के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में सुराग मिला और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। नशे में हुआ था विवाद, ईंट से किया हमला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल की। एसीपी के अनुसार, हर्ष कुमार लंबे समय से अपने माता-पिता की मौत के बाद घर में अकेला रह रहा है। वह नशे का आदी है। करीब तीन दिन पहले उसकी मुलाकात मृतक से हुई थी। मृतक भी नशे का आदी बताया जा रहा है। आरोपी के मुताबिक, 5 अगस्त को दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। गुस्से में हर्ष ने ईंट से युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बेडशीट में शव लपेटकर कंधे पर लेकर निकला
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए शव को बेडशीट में लपेट दिया। इसके बाद वह शव को अपने कंधे पर रखकर करीब एक किलोमीटर दूर बुड्डा दरिया की तरफ ले गया, ताकि उसे वहां फेंका जा सके। हालांकि, वह शव को वहां से आगे नहीं ले जा सका और न्यू शक्ति नगर की एक गली में छोड़कर फरार हो गया। मृतक ने बताया था अपना नाम ‘ऋतिक’
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतक ने अपना नाम ऋतिक बताया था। उसके पास मृतक के बारे में कोई अन्य जानकारी नहीं है। चूंकि आरोपी अकेला रहता था, इसलिए उसने मृतक को कुछ दिनों के लिए अपने घर में रहने की अनुमति दी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपना मकान किसी व्यक्ति को बेच चुका था और उसे एडवांस राशि भी मिल चुकी थी। अब पुलिस मृतक की पहचान करने के लिए उसके हुलिए, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सुरागों की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *