ईरान ने सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई का वीडियो जारी किया: जंग के बाद पहला वीडियो, जमीन पर बैठे लोगों से बात करते नजर आए

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई का एक वीडियो सामने आया है। इसे ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी मेहर ने जारी किया है। इसमें मुजतबा जमीन पर बैठे लोगों के बीच नजर आ रहे हैं और उनसे बातचीत करते दिख रहे हैं। सुप्रीम लीडर बनने के बाद यह उनका पहला वीडियो है। हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। हाल ही में इजराइली मीडिया में उनकी सेहत को लेकर गंभीर दावे किए गए थे। इजराइली चैनल 14 ने ईरानी अधिकारियों और मुजतबा की मेडिकल टीम के करीबी सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि उनकी हालत गंभीर है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट में यहां तक कहा गया था कि जल्द ही उनकी मौत हो सकती है। पूरा वीडियो यहां देखें… सऊदी मीडिया ने किया था ईरान से बाहर होने का दावा सऊदी मीडिया अल-हदथ ने एक इजराइली सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया था कि मुजतबा इस समय ईरान में नहीं हैं। सूत्र के मुताबिक, मुजतबा के नाम से जारी किए जा रहे आधिकारिक संदेश IRGC के नए प्रमुख अहमद वाहिदी और दूसरे वरिष्ठ अधिकारी तैयार कर रहे हैं। मुजतबा के सुप्रीम लीडर बनने के बाद से वह सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए थे। उन्होंने कोई भाषण भी नहीं दिया। सरकारी न्यूज एजेंसियों ने उनके नाम से सिर्फ कुछ लिखित संदेश जारी किए थे। ईरानी मीडिया के मुताबिक, अपने पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद भी मुजतबा ने सरकार के किसी मंत्री से मुलाकात नहीं की थी। वे अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नजर नहीं आए थे। राष्ट्रपति मसूद पजशकियान भी कह चुके हैं कि सुप्रीम लीडर से सीधे संपर्क करना मुश्किल है। ईरान पहले भी खारिज कर चुका है सेहत से जुड़े दावे ईरान पहले भी मुजतबा की सेहत को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज कर चुका है। इससे पहले इजराइली मीडिया ने दावा किया था कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमले में मुजतबा गंभीर रूप से घायल हुए थे। ईरानी अधिकारियों ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी। अब मेहर की ओर से वीडियो जारी किए जाने को भी उनकी सेहत को लेकर चल रही अटकलों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *