पटवारी लगाने का झांसा देकर ₹28.50 लाख ठगे: पठानकोट में बेरोजगार युवक से हुई धोखाधड़ी; SSP के आदेश पर मामला दर्ज – Pathankot News
सरकारी नौकरी हासिल करने की चाहत में भटक रहे युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें अपने जाल में फंसाने वाले शातिर ठगों का गिरोह लगातार सक्रिय है। ऐसा ही एक मामला पठानकोट के थाना तारागढ़ क्षेत्र से सामने आया है, जहां गांव अनूप शहर के एक बेरोजगार युवक को पंजाब सरकार में ‘पटवारी’ के पद पर पक्की नौकरी लगवाने का झांसा देकर ₹28 लाख 50 हजार रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली गई। आरोपी ने पीड़ित परिवार को बड़े-बड़े अधिकारियों से पहचान का झांसा देकर भरोसा दिलाया, लेकिन लाखों रुपये ऐंठने के बाद न तो युवक को पटवारी की नौकरी मिली और न ही पैसे वापस लौटाए गए। जब पीड़ित परिवार ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टाल-मटोल करते हुए जान से मारने की धमकियां देने लगा और पूरी रकम खुर्द-बुर्द कर गया। आखिरकार ठगी का शिकार हुए पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस कप्तान पठानकोट के समक्ष न्याय की गुहार लगाई। पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा और डीएसपी सब-डिविजन रूरल द्वारा की गई लंबी व गहन जांच के बाद आरोपों की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर एसएसपी के कड़े निर्देशों पर दीनानगर निवासी आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नौकरी की तलाश में था युवक, आरोपी ने बिछाया जाल थाना तारागढ़ में दर्ज प्राथमिकी एफआईआर के अनुसार लवप्रीत सिंह वर्ष 2021 में बेरोजगार था और किसी अच्छी नौकरी की तलाश में जुटा हुआ था। इसी दौरान उसकी मुलाकात जिला गुरदासपुर के थाना दीनानगर क्षेत्र के गांव कोठे आढ़तियां निवासी मदन से हुई। आरोपी मदन ने लवप्रीत सिंह को अपनी मीठी-मीठी बातों और ऊंची पहुंच का हवाला देकर अपने झांसे में लिया और दावा किया कि वह राजस्व विभाग में उसकी पटवारी के पद पर पक्की सरकारी नौकरी लगवा देगा। ₹28.50 लाख ऐंठे, न नौकरी मिली न पैसे लौटाए आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित परिवार ने अपने बेटे के भविष्य को संवारने की खातिर रिश्तेदारों व अपनी जमा पूंजी जोड़कर कुल ₹28,50,000 की भारी रकम मदन को सौंप दी। लाखों रुपये वसूलने के बाद आरोपी मदन ने लवप्रीत को पटवारी की नौकरी पर नहीं लगवाया। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी का कोई जॉइनिंग लेटर नहीं मिला और पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी लगातार टाल-मटोल करने लगा और अंततः पूरे पैसे खुद-बुर्द कर गया। EO विंग की जांच के बाद SSP के आदेश पर मामला दर्ज ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित लवप्रीत सिंह ने एसएसपी पठानकोट को लिखित आवेदन 05 फरवरी को देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने पैसे दिलवाने की गुहार लगाई थी। मामले की प्राथमिक जांच इंचार्ज आर्थिक अपराध शाखा और उप कप्तान पुलिस पठानकोट द्वारा बारीकी से की गई। जांच रिपोर्ट में धोखाधड़ी और विश्वासघात की पुष्टि होने के बाद, एसएसपी पठानकोट की मंजूरी मिलते ही आरोपी मदन के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 और 420 के तहत थाना तारागढ़ में मामला दर्ज कर लिया गया है।
Source link

