लुधियाना में हिट-एंड-रन: सिविल सर्जन दफ्तर के बाहर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत – Ludhiana News




लुधियाना में देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। यह घटना शहर के सिविल सर्जन दफ्तर के बाहर की है। जानकारी के अनुसार, यह एक ‘हिट-एंड-रन’ का मामला है, जिसमें एक अज्ञात वाहन चालक युवक को जोरदार टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसके पिता का नाम सजन सिंह है। लवप्रीत लुधियाना के हंबड़ा रोड स्थित प्रताप सिंह वाला इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि यह हादसा रात करीब 12:30 बजे उस वक्त हुआ, जब लवप्रीत अपना काम खत्म करके बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। प्रशासन द्वारा घटना की आधिकारिक सूचना लवप्रीत के परिवार वालों को दे दी गई है। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में पोस्टमार्टम की कागजी कार्यवाही और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा। इसके साथ ही घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है,ताकि टक्कर मारने वाले उस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई की जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *