जालंधर में ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ के तहत पुलिस की कार्रवाई: 1.88 किलो हेरोइन के दो आरोपियों की 24.48 लाख की संपत्ति फ्रीज – Jalandhar News




पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ के तहत जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने ड्रग तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी और कड़ा संदेश देने वाली कार्रवाई की है। पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन बरामदगी के मामले में गिरफ्तार दो नशीले पदार्थों के तस्करों की 24,48,032 रुपये (लगभग 24.48 लाख रुपये) मूल्य की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति और बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से अर्जित काली कमाई और संपत्ति पर कड़ा प्रहार करना है। जालंधर के पुलिस कमिश्नर श्री सतिंदर सिंहके दिशा-निर्देशों पर, ADCP-2 श्री राकेश कुमार यादव और ACP कैंट श्री कुलविंदर सिंह की देखरेख में थाना सदर पुलिस ने यह पूरी कार्रवाई अमल में लाई है। यह मामला थाना सदर, पुलिस कमिश्नरेट जालंधर में दर्ज एफआईआर (FIR) संख्या 137, दिनांक 26 अप्रैल 2026 से संबंधित है। यह मामला एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(सी), 29 और 61 के तहत दर्ज किया गया था, जिसमें पुलिस ने भारी मात्रा में 1 किलोग्राम 883 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। मामले में दो आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने दो प्रमुख आरोपियों कुलविंदर सिंह (पुत्र गेजा सिंह, निवासी गांव सैदूपुर, तहसील नकोदर, जिला जालंधर) और जगदेव सिंह (पुत्र मुख्तियार सिंह, निवासी धरमे दीयां चन्ना, महितपुर, जिला जालंधर) को 26 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के संपत्ति की होगी गहना जांच
गिरफ्तारी के बाद थाना सदर के मुख्य अधिकारी (SHO) श्री संजीव कुमार और उनकी टीम ने आरोपियों की संपत्ति की गहन वित्तीय जांच शुरू की। जांच के दौरान पुख्ता सबूत मिले कि आरोपियों ने नशे की तस्करी से मिले पैसों से ये संपत्तियां हासिल की थीं। जांच पूरी होने के बाद एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 68F के तहत इन संपत्तियों को जब्त/फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए, जिसे सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी मिलने के बाद पुलिस टीम की मौजूदगी में आरोपियों को कानूनी नोटिस तामील करवाया गया। फ्रीज की गई संपत्तियों में आरोपी कुलविंदर सिंह का एचडीएफसी बैंक खाता शामिल है, जिसमें 52,532 रुपये जमा हैं। वहीं, दूसरे आरोपी जगदेव सिंह की पत्नी मनजीत कौर के नाम पर वर्ष 2023 में बना एक आवासीय मकान (वार्ड नंबर 11, रवी वाली कॉलोनी, गांव महितपुर, नकोदर) शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 23,95,500 रुपये है। पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त से सख्त वित्तीय व कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *